बारां शहर में नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर उपजा विवाद अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष दिलीप शाक्यवाल ने जिला पुलिस अधीक्षक को एक औपचारिक परिवाद सौंपते हुए नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता भुवनेश मीणा और जेसीबी चालक कपिल मीणा पर जानलेवा हमले का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।

घटना का विवरण देते हुए परिवाद में बताया गया है कि गत 4 जून 2026 को नारेड़ा रोड स्थित बरड़िया में नेता प्रतिपक्ष के पिता दुर्गाशंकर शाक्यवाल के आवास पर अधिशाषी अभियंता भुवनेश मीणा जेसीबी मशीन के साथ पहुंचे। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही जेसीबी चालक कपिल मीणा ने बिना किसी पूर्व सूचना के आवास पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब दुर्गाशंकर शाक्यवाल ने इस कार्रवाई का विरोध किया, तो उनके साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया गया, बल्कि उन्हें गालियां भी दी गईं।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब परिवाद में आरोप लगाया गया कि अधिशाषी अभियंता भुवनेश मीणा के सीधे निर्देश पर जेसीबी चालक ने मशीन के बांकेट (फावड़े) से दुर्गाशंकर शाक्यवाल पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। यह तो गनीमत रही कि मौके पर मौजूद सुधीश डागर, सत्यनारायण गुर्जर और विजय शाक्यवाल ने समय रहते बीच-बचाव किया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

दिलीप शाक्यवाल ने अपने परिवाद में यह स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं, बल्कि द्वेषपूर्ण भावना से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद के कामकाज में अनियमितताओं को लेकर उनके द्वारा की गई शिकायतों के चलते उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने इस मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संकट की घड़ी में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार सहित संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पार्टी का समर्थन उनके लिए संबल है। अब सभी की निगाहें पुलिस द्वारा की जाने वाली आगामी कार्रवाई और जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story