बारां में नगर परिषद से जुड़े विवाद ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी, जब भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के नेतृत्व में जिला कलेक्टर कार्यालय कूच कर कलेक्टर से मुलाकात की और पूरे प्रकरण की वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार और नेता प्रतिपक्ष दिलीप शाक्यवाल के खिलाफ चयनात्मक कार्रवाई के मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक है, ताकि वास्तविक तथ्यों का पता लगाया जा सके।

इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी दी, जिस पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ से भी इस संबंध में मुलाकात कर मामले की जानकारी साझा की। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि न्यायोचित कार्यवाही के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता एकजुट है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का कोई भी कार्यकर्ता हो, यदि वह न्याय की मांग करता है तो पूरा संगठन उसके साथ खड़ा है।

नगर परिषद विवाद को लेकर भाजपा के इस सक्रिय रुख से जिले की राजनीतिक परिस्थितियां और अधिक गरमा गई हैं, जबकि प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद अब सभी की निगाहें आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story