बारां, अंता और सीसवाली नगर निकायों में बुधवार को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हो गए। तीनों निकायों के 166 मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। कुल 129154 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।

मतदान दिवस पर सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान दल पोलिंग एजेन्टों की मौजूदगी में ईवीएम से मॉक पोल का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। मतदाता निर्धारित मतदान केन्द्र पर अपना मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे। मतदान केन्द्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल के कड़े प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा। एरिया मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और गश्ती दल लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर कानून व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे।

मतदान केन्द्र की 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक गतिविधियां निषिद्ध रहेंगी। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल ईवीएम और निर्वाचन सामग्री राजकीय महाविद्यालय स्थित संग्रहण केन्द्र पर जमा कराएंगे। शत-प्रतिशत मतदान के उद्देश्य से निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक एवं सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सूखा दिवस भी घोषित किया गया है।



जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र के महायज्ञ में प्रत्येक कार्मिक पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि मतदान दल के सभी कार्मिक आत्मविश्वास और कुशलता के साथ कार्य करते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कराने के लिए टीम भावना से निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केन्द्र पर पहुंचते ही सभी मतदान दल अधिकारी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। परिधि सीमा का निर्धारण, मॉक पोल और प्रपत्र संधारण सहित चुनाव प्रक्रिया को आपसी समन्वय के साथ पूरा किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं, ऐसे में सभी कार्मिक बिना दबाव और भय के अपने दायित्व का निर्वहन करें।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने भी मतदान दल कार्मिकों को संबोधित किया। इस अवसर पर चुनाव पर्यवेक्षक अनुराग भार्गव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल, एडीएम शाहबाद पुष्पा हरवानी, प्रशिक्षण प्रभारी एवं सीईओ राजीव तोमर, चुनाव समन्वयक हीरालाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संचालन व्याख्याता सुनील शर्मा ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान सभी मतदान दलों को उनके बैठने के स्थान पर ही मतदान सामग्री के बैग और ईवीएम उपलब्ध कराई गईं। इसके बाद सभी मतदान दल आवंटित वाहनों से चेक पोस्ट पर एंट्री करवाकर उत्साह के साथ अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने जिले के मतदाताओं से बुधवार को होने वाले निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाताओं की वजह से जिले में सभी चुनावों में औसत से अधिक मतदान प्रतिशत की परंपरा रही है। इस चुनाव में भी स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से आम मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया गया है। सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के हित में बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लेना चाहिए। मतदान महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य होने के साथ लोकतंत्र की मजबूती का आधार भी है।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि निकाय चुनाव-2026 के तहत शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। तीनों निकायों को आठ भागों में विभक्त कर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मध्यप्रदेश से लगने वाली जिले की सीमा पर नाकाबंदी कर सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैधानिक तरीके से चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।

मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर वालंटियर लगाए जाएंगे। ईवीएम बैलेट पेपर पर अभ्यर्थियों की रंगीन फोटो अंकित की गई है, जिससे मतदाताओं को पहचान में आसानी होगी। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर और सहायक की व्यवस्था की गई है। शिशुओं के लिए पालने की व्यवस्था भी की गई है। महिलाओं की सहायता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मतदान से पूर्व पहचान के लिए मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता यह प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है तो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज के जरिए पहचान स्थापित कर मतदान किया जा सकेगा। इनमें आधार कार्ड, वीबीजी रामजी/मनरेगा कार्ड, डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र सरकार, राज्य सरकार, लोक उपक्रम या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटो पहचान पत्र, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड शामिल हैं।

बारां, अंता और सीसवाली के 166 मतदान केन्द्रों पर बुधवार को होने वाला मतदान प्रशासन, पुलिस और मतदान दलों की तैयारियों के बीच संपन्न होगा। 129154 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर निकायों की नई सरकार चुनेंगे।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story