जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने कहा कि जिले में निकाय चुनाव आदर्श आचार संहिता की पालना के साथ पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपादित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव की प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी असावा ने बताया कि 27 अगस्त से निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही निकाय सदस्य के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। मतदान दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। चुनाव के दौरान अवैध शराब, नकदी, उपहार सामग्री और अन्य प्रलोभनों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट एवं सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रहेगी। पैड न्यूज और भ्रामक समाचारों के मामलों में कार्रवाई की जाएगी।

अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए लोक सूचना 15 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर रहेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को होगी। अभ्यर्थिता 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक वापस ली जा सकेगी। इसके तुरंत बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 21 सितंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर को प्रातः 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी। प्रातः 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जबकि प्रातः 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। मतदान आवश्यक होने पर दोपहर 2.30 बजे से सायं 5 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से कराए जाएंगे। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कंप्यूटर सॉफ्टवेयर से ईवीएम का रेंडमाइजेशन भी किया जाएगा।

मतदान के लिए मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। चुनाव आयोग की ओर से लगभग सभी मतदाताओं के मतदाता फोटो पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं। यदि कोई मतदाता मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है तो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इनमें आधार कार्ड, वीबीजी रामजी/मनरेगा कार्ड, डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटो पहचान पत्र, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड शामिल हैं।

मतदान दिवस पर मतदान भवन के समीप मतदाताओं की सहायता के लिए मतदाता सहायता केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। इन केन्द्रों पर बीएलओ स्तर के कार्मिक नियुक्त रहेंगे, जहां मतदाताओं को उनका क्रमांक और बूथ संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने निकाय सदस्य चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम चुनाव खर्च सीमा भी तय की है। नगर परिषद पार्षद पद के लिए अधिकतम 2.50 लाख रुपये तथा नगर पालिका पार्षद पद के लिए 1.50 लाख रुपये की खर्च सीमा निर्धारित की गई है।

आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों पर निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। निर्वाचन संबंधी शिकायतें नियंत्रण कक्ष में दर्ज कराई जा सकेंगी। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 07453-237182 रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने गुरुवार को मिनी सचिवालय स्थित अपने कक्ष में निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निकाय आम चुनाव की घोषणा के साथ ही शहरी क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। ऐसे में सभी को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए इसकी पूर्ण पालना सुनिश्चित करनी चाहिए।

असावा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सुगम और शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए निगरानी दल आचार संहिता को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन विभाग की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में जारी निर्देशों से अवगत कराया। उन्हें आचार संहिता संबंधी बुकलेट और प्रपत्र आदि भी प्रदान किए गए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बारां जिले में निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने मतदान से लेकर मतगणना और अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन तक की प्रक्रिया, सुरक्षा, निगरानी, पहचान व्यवस्था तथा चुनाव खर्च सीमा को लेकर तैयारियां स्पष्ट कर दी हैं। आदर्श आचार संहिता की पालना के साथ पूरी चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपादित करने पर प्रशासन का विशेष जोर रहेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story