बारां। आगामी 9 सितंबर को नगर निकाय चुनाव के दौरान होने वाले मतदान से पहले प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस ने निर्दलीयों का तिलिस्म खत्म करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। स्थानीय नेताओं के साथ जिला प्रमुख, पूर्व जिला प्रमुख, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, विधायक और पूर्व विधायक तक वार्डों में प्रत्याशियों के साथ घर-घर जनसंपर्क करते नजर आए।

बारां नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर के साथ निर्दलीय और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने चुनाव को रोचक बना दिया है। हालांकि वार्डों में जनता अपना रुख स्पष्ट नहीं कर रही है। कई वार्डों में विकास कार्यों को लेकर आमजन में नाराजगी भी देखी गई है। वहीं दोनों राजनीतिक संगठनों में टिकट पाने के हकदार प्रत्याशियों के टिकट कटने से नाराजगी भी सामने आ रही है।

कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया और जिला अध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया सहित अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। भाजपा की ओर से जिला अध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक राधेश्याम बेरवा और पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन सहित अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि चुनावी मैदान में सक्रिय हैं।

बारां में लगातार कांग्रेस का बोर्ड बनते रहने के कारण इस बार भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनावी दंगल में अपना रण कौशल दिखाने में जुटी है, जबकि कांग्रेस अपनी कुर्सी और साख बचाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। इस बार खास तौर पर चुनाव में आम आदमी पार्टी की एंट्री हुई है, जिसका नेतृत्व पूर्व सभापति कमल राठौर के हाथों में है। उन्होंने भी 60 वार्डों में अपने प्रत्याशी खड़े करके चुनाव को रोचक बना दिया है। इतना ही नहीं, तीन-चार वार्ड ऐसे भी हैं, जहां निर्दलीयों ने अपनी ताकत का एहसास कराया है।

बारां नगर परिषद चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला होने से स्थिति अभी अस्पष्ट बनी हुई है। मतदाताओं का रुझान आम राय के हिसाब से पार्टियों के सिंबल की ओर अधिक होता है, लेकिन इस बार विकास का मुद्दा भी हावी रहा है। ऐसे में अब देखना यह है कि कौन हव्वा साबित होगा और किसकी रहेगी हवा।

भाजपा ने तीन-चार वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों को अपने पक्ष में करके वातावरण बनाने का प्रयास किया है, लेकिन नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को भी अपना पूरा दम लगाना पड़ रहा है। लोगों की राय में यह सुनने को मिल रहा है कि नेताओं को धरातल दिखाने में इस बार जनता और तीसरे फ्रंट की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहने वाली है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story