जन संवाद यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, विधायक ने मौके पर सुनीं समस्याएं और दिए समाधान के निर्देश
बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

बारां देहात मंडल के गांवों में 'विधायक आपके द्वार' जन संवाद यात्रा के दौरान स्वागत समारोह में स्मृति चिह्न भेंट कर विधायक राधेश्याम बैरवा (दाएं से चौथे, लाल साफे में) का अभिनंदन करते भाजपा कार्यकर्ता।
बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा की "विधायक आपके द्वार" जन संवाद यात्रा रविवार को बारां देहात मंडल के विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। यात्रा के दौरान विधायक ने ग्राम खेड़ली भेडोलिया, बड़सुर्ई, लिसाड़िया, माथना, माथनी सहित कई गांवों का दौरा कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सड़क निर्माण और नाली व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक राधेश्याम बैरवा ने कई मामलों में तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर दिया। जिन प्रकरणों में प्रशासनिक प्रक्रिया आवश्यक थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने का आश्वासन भी दिया गया।
इस अवसर पर विधायक बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जन संवाद यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार तथा जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के बीच रहकर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को समझें तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत हैं। जन संवाद यात्रा के दौरान प्राप्त सुझावों और शिकायतों को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर उनके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि "विधायक आपके द्वार" जन संवाद यात्रा को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। यात्रा के माध्यम से विधायक सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और त्वरित समाधान के प्रयास कर रहे हैं, जिससे आमजन का विश्वास मजबूत हो रहा है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहायता मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया और अपनी अपेक्षाओं से भी अवगत कराया। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे।
इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजीत सिंह माथनी, देहात मंडल अध्यक्ष अमरदीप सिंह केदाहेड़ी, पूर्व अध्यक्ष निरंजन शर्मा, मंडल महामंत्री रविंदर डागर, प्रमोद मीणा, द्वारका लाल प्रजापति, सियानंद, मुरली मीणा, भवानीशंकर प्रजापति, सत्यनारायण चौधरी, नवल तिवारी, रमेश चंद्र नागर, महिपाल नागर, मनीष गालव, सुरेंद्र नागर, बाबूलाल सेन, ओमप्रकाश शर्मा, भेरूलाल गोड, बाबूलाल बैरवा, बृजराज नागर, राजू नागर, निकलेश शर्मा, हरिओम नागर, मनीष नागर सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
जन संवाद यात्रा ने ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का मंच प्रदान किया, वहीं विभिन्न मुद्दों पर त्वरित प्रशासनिक हस्तक्षेप से समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल भी देखने को मिली।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
