बारां में नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 100 घंटे में पेश किया चालान
महिला थाना प्रभारी आशा कुंवर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपी को दबोच कर भेजा जेल

राजस्थान के बारां जिले में महिला अत्याचार और नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक बड़ी नजीर पेश की है। बारां शहर में एक मासूम बालिका के साथ हुई छेड़छाड़ के गंभीर मामले में तत्परता दिखाते हुए बारां पुलिस ने महज 100 घंटे के भीतर तकनीकी और गहन अनुसंधान पूर्ण कर आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय में चालान पेश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है।
इस सनसनीखेज वारदात को लेकर पीड़ित बालिका की मां ने दिनांक 30.05.2026 को महिला थाना बारां पर उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट पेश की थी। शिकायत में बताया गया था कि दिनांक 29.05.2026 को बारां शहर में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया था। मामला सीधे तौर पर महिला अत्याचार और पोक्सो एक्ट से जुड़ा होने के कारण महिला थाना बारां पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थानाधिकारी श्रीमती आशा कुंवर सिंह पुलिस निरीक्षक द्वारा स्वयं इस प्रकरण का अनुसंधान शुरू किया गया।
थानाधिकारी आशा कुंवर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गहनता से तफ्तीश की और त्वरित व तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए सबसे पहले अज्ञात आरोपी की सटीक पहचान स्थापित की। पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस ने आरोपी को मुस्तैदी से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार मुल्जिम को जेल बारां में दाखिल करा दिया गया। इस पूरे मामले में सबसे सराहनीय पहलू यह रहा कि अनुसंधान अधिकारी आशा कुंवर सिंह पु०नि० ने महिला थाना बारां के जाप्ते के साथ दिन-रात एक करते हुए वारदात के मात्र 100 घन्टे के भीतर ही माननीय न्यायालय में आरोपी के खिलाफ चालान (चार्जशीट) पेश कर अपनी पेशेवर कार्यकुशलता का परिचय दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भविष्य में इस प्रकार का जघन्य अपराध करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस द्वारा इसी तरह सख्त से सख्त वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जावेगी। इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में श्रीमती आशा कुंवर सिंह पु०नि० (थानाधिकारी महिला थाना बारां), सुरेन्द्र सिंह स०उ०नि०, विक्रमादित्य शिन्दे हैडकानि०, खालिद पठान हैडकानि० और कमलेश कुमार कानि० शामिल रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
