बारां: व्यापारी का अपहरण कर 14 लाख की फिरौती वसूली, व्यापार महासंघ में रोष
बदमाशों ने बंदूक की नोक पर व्यापारी को 10 घंटे बंधक बनाकर वसूले रुपए, व्यापार महासंघ ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर की गिरफ्तारी की मांग।

बारां में व्यापारी के अपहरण और फिरौती की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे व्यापार महासंघ के पदाधिकारी और सदस्य।
बारां। शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े पिस्तौल की नोक पर एक व्यापारी का अपहरण कर करीब 10 घंटे तक बंधक बनाकर 14 लाख रुपए की फिरौती वसूल ली गई। बदमाशों ने एक करोड़ रुपए की मांग रखी, जिसे पीड़ित द्वारा असमर्थता जताने पर 30 लाख रुपए में डील तय की गई, जिसमें 15 लाख रुपए शनिवार को देने की शर्त रखी गई थी। घटना के बाद व्यापार महासंघ ने कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिव कॉलोनी निवासी रिया ग्लासेस के संचालक सतीश गौड ने बताया कि शुक्रवार प्रातः करीब 10:00 बजे चार-पांच बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने बंदूक की नोक पर जान से मारने की धमकी देते हुए एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। पीड़ित को शहर के तेल फैक्ट्री क्षेत्र के आसपास के खेतों में ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया, जहां उसके साथ मारपीट भी की गई। इस दौरान आरोपियों ने मौके पर 14 लाख रुपए मंगवाए तथा 15 लाख रुपए शनिवार को देने के वादे पर शाम करीब 6:00 बजे उसे रिहा किया।
बदमाशों ने धमकी दी कि यदि पुलिस को सूचना दी गई तो उसके बेटे की हत्या कर दी जाएगी और बेटी का अपहरण कर लिया जाएगा, साथ ही उसे आत्महत्या करने तक की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को रिपोर्ट दी, जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश बाटा, ललित मोहन खंडेलवाल, देवकीनंदन बंसल सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से पूरी जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु से मुलाकात कर मामले के शीघ्र खुलासे की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि लगातार बढ़ते अपराधों की श्रृंखला में अपहरण जैसी घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। आमजन में यह चर्चा है कि या तो पुलिस का मुखबिर तंत्र कमजोर है या फिर अपराधियों से मिलीभगत है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधियों ने पहले से व्यापारी की रेकी की थी। शहर की शिव कॉलोनी और डोल मेला तालाब के बीच स्थित एक मजार पर सतीश गौड पिछले 15 वर्षों से नियमित रूप से ढोक लगाने जाते थे। इसी स्थान से अपराधियों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की और मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने फोन पर विधायक राधेश्याम बेरवा को भी घटना से अवगत कराया। विधायक बेरवा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से चर्चा की तथा पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, देवकीनंदन बंसल, ललित मोहन खंडेलवाल, विमल बंसल, कमलेश गोयल, राकेश जैन, सेन कुमार, कलीम भाई बोहरा, विजय भाई पतीरा, महासचिव कन्हैया लाल चित्तौड़ा, शंकर माहेश्वरी, नरेश नंदवाना, उपाध्यक्ष नरेश खंडेलवाल, कमलेश जैन, हरीश शर्मा, चेतन शर्मा, मनोज कृपलानी, मनोज बाटला, पुनीत कुमरा, राहुल कुमरा, मनीष गर्ग, विजेंद्र हाडा, महेंद्र गोधा, गोपाल सोनी, दिनेश यादव, हरीश शर्मा, हितेश चंदेल, चंचल शर्मा, राहुल गौड, चंद्रप्रकाश गौड, दिनेश राठौर, वीरेंद्र अग्रवाल, मोहम्मद आशिक, हरिओम सेन, मुकेश शर्मा एवं हितेश प्रजापति सहित अन्य व्यापारियों ने मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फिरौती की राशि वापस दिलाई जाए।
इस दौरान व्यापारियों ने यातायात निरीक्षक चंद्र प्रकाश पर भी बेवजह वाहन चालकों के चालान बनाने और बदतमीजी करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि धर्मादा चौराहा, मेंन मार्केट, प्रताप चौक, स्टेशन रोड, चार मूर्ति चौराहा सहित कई स्थानों पर बिना कारण चालान बनाए जा रहे हैं। व्यापारियों ने मांग की कि पहले पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, उसके बाद ही नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
बढ़ते अपराधों को लेकर व्यापार महासंघ ने रविवार शाम 4 बजे अस्पताल मार्ग दादू पंथी की बगीची स्थित भूरा लाल जी की धर्मशाला में बैठक आहूत की है। बैठक में कानून व्यवस्था, भविष्य की रणनीति और आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी, ताकि आगे किसी व्यापारी के साथ ऐसी घटना न हो।
यह घटना न केवल बारां में कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है, बल्कि आमजन और व्यापारिक वर्ग में गहराते भय के माहौल को भी उजागर करती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
