बारां: व्यापारी सतीश गौड़ के अपहरण के विरोध में व्यापार महासंघ का सांकेतिक बंद
सतीश गौड़ अपहरण मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और फिरौती वसूली की मांग को लेकर व्यापारियों ने डीएसपी और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

बारां में व्यापारी सतीश गौड़ के अपहरण कांड के विरोध में डीएसपी हरिराम सोनी को ज्ञापन सौंपते व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा और अन्य सदस्य।
शहर के व्यापारी सतीश गौड़ के बंदूक की नोक पर किए गए अपहरण कांड को लेकर सोमवार को व्यापार महासंघ द्वारा दोपहर 12 बजे तक रखा गया सांकेतिक बंद पूर्णतः सफल रहा। घटना के विरोध में व्यापारियों में व्यापक आक्रोश देखने को मिला और प्रशासन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा ने बताया कि अपहरण कांड में लिप्त सभी बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा फिरौती में वसूली गई राशि की बरामदगी की मांग को लेकर यह सांकेतिक बंद आयोजित किया गया था। इस निर्णय को लेकर रविवार शाम को भूरालाल जी की धर्मशाला में बैठक आहूत की गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से सोमवार को बंद रखने का निर्णय लिया गया।
सोमवार को सभी व्यापारी जुलूस के रूप में प्रताप चौक पहुंचे, जहां उन्होंने डीएसपी हरिराम सोनी को ज्ञापन सौंपा। बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं में चाय, नाश्ता, कचोरी, समोसा, पोहा, दूध डेयरी, मेडिकल, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, फ्रूट के ठेले तथा स्कूलों को मुक्त रखा गया। अध्यक्ष योगेश बाटा ने यह भी बताया कि पीड़ित व्यापारी के भाई हरीश गौड़ को अपराधियों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे व्यापारियों में भय और रोष दोनों व्याप्त हैं।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, देवकीनंदन बंसल, ललित मोहन खंडेलवाल और विमल बंसल सहित सभी व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और फिरौती की राशि बरामद नहीं की गई, तो गुरुवार को संपूर्ण बारां बंद रखा जाएगा, जिसमें आवश्यक सेवाएं भी शामिल रहेंगी।
व्यापारियों ने सेठ भूरालाल जी की धर्मशाला से सुबह 10 बजे प्रताप चौक स्थित पुलिस कंट्रोल रूम तक जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई। इसके बाद सभी व्यापारी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। साथ ही व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने कार्यवाहक जिला कलेक्टर भंवर लाल जनागल को भी ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण व्यापारियों और आम नागरिकों में रोष व्याप्त है। साथ ही पीड़ित व्यापारी सहित प्रमुख व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा, देवकीनंदन बंसल, ललितमोहन खंडेलवाल, विमल बंसल, वेद प्रकाश टक्कर, सेन कुमार अदलक्खा, राकेश जैन, मनीष लश्करी, सुदर्शन झाम्ब, अशोक तनेजा, प्रशांत विजय, अश्वनी बंसल, महासचिव कन्हैया लाल चित्तौड़ा, शंकर महेश्वरी, नरेश नंदवाणा, उपाध्यक्ष नरेश खंडेलवाल, कमलेश जैन, आनंद बंसल, भानु पोरवाल, आसिफ भाई, जीतेन्द्र अदलकखा, संजय शर्मा, महेंद्र शर्मा कस्तूरी, नरेंद्र बोरिना, शालू गेरा, संजय गुप्ता, दिलीप चौबे, कुलदीप सिंह, हरीश शर्मा, पृथ्वीराज मीणा, गुलशन अदलक्खा, अवधेश शर्मा, सारांश बंसल, अर्पित जैन, सतीश कालरा, योगेश गौड, रामनारायण चंदेल, योगेंद्र कसेरा, हर्षित जैन, चंचल शर्मा, हरीश शर्मा, मनोज पिपलानी, मनोज बाठला, पुनीत कुमरा, राहुल कुमरा, महेंद्र पिपलानी, पदम पिपलानी सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।
अपहरण कांड के विरोध में व्यापारियों का यह संगठित आंदोलन प्रशासन के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो गुरुवार को प्रस्तावित संपूर्ण बंद से शहर की जनजीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
