राजस्थान के बारां जिला मुख्यालय पर पुरानी रंजिश और संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की चाकू से गोदकर सरेआम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी फरियादी अशोक कुमार गौतम ने राजकीय चिकित्सालय बारां में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 अप्रैल 2026 की रात्रि करीब 11:00 बजे उनका 30 वर्षीय पुत्र मनीष गौतम उर्फ बीट्टू शर्मा घर लौट रहा था। इसी दौरान सत्यनारायण गौतम के मकान के पास घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शी दीपक गौतम ने छत से देखा कि कमल गहलोत, राजेन्द्र गहलोत, मुकेश यादव और राहुल यादव मनीष पर चाकूओं से ताबड़तोड़ वार कर रहे थे। वारदात के समय गली के दूसरी ओर अनिल यादव, चिन्टू, प्रदीप छजावा तथा अन्य रास्तों पर आशिष, अंकुश, ईशु, सुमित भील, शिवम वाल्मिकी, अरबाज, इतिहास, बाबू वाल्मिकी और फरदीन मोर्चा संभाले खड़े थे।

इस नृशंस हत्याकांड की जड़ें तीन माह पूर्व उमेश नागर के साथ हुई मारपीट और लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद से जुड़ी हैं। मृतक मनीष पूर्व में राजेन्द्र गहलोत के पास ट्रैक्टर ड्राइवर का कार्य करता था, जहाँ राजेन्द्र और उमेश नागर के साथ मिलकर वह विवादित संपत्तियों के सौदे करवाने लगा था। विवाद तब गहराया जब मनीष ने अपनी मौसी की जमीन इन लोगों को कम दाम में बिकवाई, किंतु राजेन्द्र और उमेश ने उसे तय कमीशन नहीं दिया। इसी रंजिश में मनीष ने तीन माह पूर्व साथियों संग मिलकर उमेश नागर पर हमला किया था और वह सोशल मीडिया पर भी राजेन्द्र व कमल गहलोत को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। इसी का प्रतिशोध लेने हेतु राजेन्द्र गहलोत और उमेश नागर ने नाबालिगों व अन्य साथियों के साथ मिलकर मनीष उर्फ बीहू की हत्या का षडयंत्र रचा और 17 अप्रैल की रात उसे मौत के घाट उतार दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरवीजन एवं वृताधिकारी बारां हरीराम सोनी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया, जिसमें भजनलाल आरपीएस (प्रोबे०), थानाधिकारी कवाई राजपाल सिंह, साइबर सेल और कोतवाली पुलिस जाब्ता शामिल था। सीसीटीवी फुटेज और सूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने बरड़िया बालाजी बस्ती निवासी 23 वर्षीय आरोपी राकेश उर्फ राहुल पुत्र चिरोंजीलाल जाटव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों को फरार होने में मदद करने हेतु मुकेश यादव द्वारा उपलब्ध कराई गई वेन्यू कार (आरजे 28 सीबी 5800) को भी जब्त कर लिया है। वर्तमान में गिरफ्तार आरोपी से हथियारों और घटनाक्रम के संबंध में गहन पूछताछ जारी है, वहीं फरार अन्य मुख्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, राजेश मीणा और साइबर सेल प्रभारी जगदीशचन्द्र शर्मा की मुख्य भूमिका रही।

Updated On
Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story