बारां जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बड़ां बालाजी क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे शहर में दहशत फैला दी थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सघन अनुसंधान के बाद मामले में शामिल सभी नामजद आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को फरियादी नवीन पांचाल, निवासी हाऊसिंग बोर्ड बारां, ने पुलिस थाना बारां सदर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को कपिल मीणा, विकास उर्फ बबलू, रितेश गुर्जर उर्फ खाट्या, चंचल सिंह और हेमन्त गुर्जर ने बातचीत के बहाने फरियादी को बड़ां बालाजी बुलाया। नवीन पांचाल अपने साथी राहुल मीणा और एक अन्य मित्र के साथ तीनों बुलट मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे, जहां बातचीत के दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने नवीन पांचाल और राहुल मीणा पर फायरिंग कर दी। इस हमले में नवीन पांचाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सदर बारां में मुकदमा संख्या 280/2025 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 126(2), 352, 351(2) और 189(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया।

इस सनसनीखेज कांड के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां राजेश चौधरी के सुपरवीजन और वृताधिकारी वृत बारां हरिराम सोनी के नेतृत्व में थानाधिकारी सदर बारां हीरालाल के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर लगातार दबिश देते हुए पार्वती नदी क्षेत्र में छिपे आरोपियों को डिटेन किया।

पुलिस ने कपिल मीणा पुत्र हुकमराज उम्र 22 वर्ष निवासी उल्थी, विकास उर्फ बबलू पुत्र श्रीलाल उम्र 29 वर्ष निवासी उल्थी, रितेश गुर्जर उर्फ खाट्या पुत्र रामचरण उम्र 20 वर्ष निवासी उल्थी, चंचल सिंह पुत्र शेर सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम उल्थी और हेमन्त गुर्जर पुत्र रामप्रताप उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम सायगढ थाना बारां सदर जिला बारां को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को बापर्दा रखा गया है।

पुलिस के अनुसार प्रकरण में प्रयुक्त अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी हीरालाल के साथ लक्ष्मीचन्द उप निरीक्षक, राकेश कांस्टेबल, सुशील कांस्टेबल और रोहिताश्व कांस्टेबल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बारां पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने न केवल फायरिंग कांड का पर्दाफाश किया है, बल्कि यह भी स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story