बारां जिले के वरिष्ठ साहित्यकार कन्हैयालाल शर्मा की पंचम काव्य कृति 'तपन' का भव्य विमोचन समारोह रविवार, 2 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर साहित्यिक और सामाजिक संगठनों में तैयारियां शुरू हो गई हैं।

कार्यक्रम के संयोजक सुनील शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ साहित्यकार कन्हैयालाल शर्मा वर्षों से सतत साहित्य सृजन में संलग्न हैं। 85 वर्ष की आयु में भी वे निरंतर कविताओं का सृजन करते हुए समाज की वर्तमान स्थिति, दशा और दिशा को अपनी लेखनी के माध्यम से अभिव्यक्त कर जनजागरण का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी नवीन काव्य कृति 'तपन' में भी समाज के समकालीन परिवेश, मानवीय संवेदनाओं तथा सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित कन्हैयालाल शर्मा की अनेक कविताएं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं तथा उन्हें साहित्य के क्षेत्र में अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।

अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रद्युम्न वर्मा ने बताया कि कन्हैयालाल शर्मा जिले के वरिष्ठ एवं सम्मानित साहित्यकार हैं। उन्होंने अनेक साहित्यिक संस्थाओं में संरक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नई पीढ़ी के साहित्यकारों को मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया है। वे पूर्व में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रदेश पदाधिकारी भी रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में जिले में अनेक साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनसे नवोदित रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

प्रद्युम्न वर्मा ने कहा कि 85 वर्ष की आयु में भी कन्हैयालाल शर्मा का सतत साहित्य सृजन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को आयोजित होने वाले 'तपन' काव्य संग्रह के विमोचन समारोह में प्रदेश एवं जिले के साहित्यकारों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। यह समारोह स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा विकास समिति, बारां तथा अखिल भारतीय साहित्य परिषद, इकाई बारां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ साहित्यकार की नई कृति का यह विमोचन समारोह जिले के साहित्यिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story