बारां। बारां के बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन परिसर में लटूर जी मावा वाले सेवा सदन द्वारा मानवीय संवेदनाओं की अनूठी मिसाल पेश की गई। संस्था ने भीषण बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच असहाय एवं बेसहारा लोगों के लिए भोजन सेवा का सफल आयोजन किया। यह पुनीत कार्य समाजसेवी जयंत पाटीरा द्वारा अपनी धर्मपत्नी मीता पाटीरा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में संपूर्ण परिवार के साथ मिलकर संपन्न किया गया।

सेवा कार्य की शुरुआत दोपहर 2 बजे से ही हो गई, जब संस्था की टीम ने बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन परिसर के आसपास सक्रिय होकर जरूरतमंद लोगों को भोजन के लिए आमंत्रित किया। शाम 7 बजे भोजन वितरण का क्रम शुरू हुआ। इस दौरान तेज बारिश और विपरीत मौसम के कारण अनेक जरूरतमंद लोग अलग-अलग स्थानों पर शरण लिए हुए थे, जिन्हें ढूँढकर टीम के सदस्यों ने एकत्रित किया और स्नेहपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया। इस अवसर पर मीता पाटीरा ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का अवसर है। उन्होंने सक्षम वर्ग से समाज के वंचित लोगों के लिए निरंतर सेवा कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस सेवा कार्य में नन्हे स्वयंसेवकों सहित पूरी टीम ने अद्भुत समर्पण का परिचय दिया और प्रत्येक जरूरतमंद को आदरपूर्वक बैठाकर भोजन परोसा। संस्था के प्रतिनिधि रमाकांत गुप्ता ने जानकारी दी कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद स्वयंसेवकों का उत्साह तनिक भी कम नहीं हुआ। इस सेवा यज्ञ को सफल बनाने में कपिल सोनी, महेश कुमार, हेमलता गुप्ता, मानस गुप्ता, दर्शिल गुप्ता, दिनेश खेतान, दीपक अग्रवाल, कुशाल गुप्ता, रवि गुप्ता, हर्षिता पारीक, हरिओम प्रजापति, अनीता गुप्ता, मनोज ओझा एवं योगिता गुप्ता सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। यह आयोजन समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story