बारां जिले में भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जिला मुख्यालय के समीप गांव बड़वा स्थित खेड़िया हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्रीरामकथा और 21 कुंडीय हनुमान यज्ञ में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तपती धूप और झुलसाने वाली गर्मी भी भक्तों के उत्साह को कम नहीं कर सकी।

महामंडलेश्वर सर्वेश्वरदास त्यागी महाराज के सानिध्य में चल रहे इस धार्मिक आयोजन के छठे दिन कथा पंडाल श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे छोटा पड़ गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंडाल के बाहर खड़े होकर पूज्य श्यामजी महाराज की श्रीरामकथा का श्रवण किया और कथा रस का आनंद लिया।

व्यासपीठ से कथा वाचन करते हुए श्यामजी महाराज ने कहा कि रामकथा पूरे समाज को जोड़ने वाली विधा है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने सेतु निर्माण के माध्यम से देश को जोड़ने का कार्य किया। महलों और जंगलों के माध्यम से रागी-बैरागी को जोड़ा तथा भेदभाव समाप्त कर वनवासियों को गले लगाया। संतों ने संदेश दिया कि वर्तमान समय में सामाजिक कुरीतियों रूपी रावणों का मुकाबला करने के लिए सनातन समाज का एकजुट होना आवश्यक है।

कथा में कैलाश जी अनाड़ी, रामगोपाल, चन्द्रमोलेश्वर और आचार्य परमानंद सहित अनेक संत उपस्थित रहे। रविवार को मुख्य यजमान के रूप में सुनील मालव ने भाग लिया।

समिति अध्यक्ष बाबूलाल मालव ने बताया कि इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति सोमवार को महायज्ञ की अंतिम आहुतियों के साथ होगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है और बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story