बारां जिले में चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 48 घण्टों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासू ने बताया कि फरियादी द्वारा पुलिस थाना कवाई पर दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि वह बीलखेडा का निवासी है और कवाई में अपने समाज के विवाह सम्मेलन में अपने भाई विजय के साथ मोटरसाईकिल से आया था।

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों भाई श्रीराम रिसोर्ट से मोटरसाईकिल पर सम्मेलन स्थल की ओर जा रहे थे। जब वे मेहता मिल के सामने पहुंचे, तभी 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाईकिल को आड़े फिरकर रोक लिया और गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। जब दोनों भाई वहां से जाने लगे, तब एक आरोपी ने चाकू निकालकर विजय के कुल्हे और सिर पर वार किया। फरियादी और साथ में बैठे हंसू योगी ने बीच-बचाव किया, जिससे विजय को और गंभीर चोटों से बचाया जा सका।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना कवाई पर प्रकरण संख्या 85/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां राजेश चौधरी के सुपरवीजन और वृत्ताधिकारी अटरु रामानन्द यादव के नेतृत्व में थानाधिकारी कवाई राजपाल सिंह पु०नि० के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने कस्बा कवाई के विभिन्न तिराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र की सहायता से घटना का खुलासा किया।

जांच के दौरान सामने आया कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी लवकुश, विशाल योगी और कृष्ण मुरारी वैष्णय हैं, जिन्हें मात्र 48 घण्टे में डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी सोशल मीडिया पर गैंगवार और हथियारों के साथ अपनी फोटो और रील्स पोस्ट कर आम नागरिकों में दहशत फैलाने का प्रयास करते थे।

पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मुख्य आरोपी विशाल नाथ और कृष्णमुरारी वैष्णव के विरुद्ध पूर्व में संगठित अपराध, चोरी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में कई प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हुए इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में भय का माहौल बनाते थे। फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में लवकुश पुत्र मुकेश प्रजापति उम्र 19 साल निवासी बरडिया थाना अंता जिला बारां, विशाल पुत्र रामदयाल योगी उम्र 19 साल निवासी अंता थाना अंता जिला बारां और कृष्णमुरारी पुत्र राधेश्याम वैष्णव उम्र 22 साल निवासी पनवाड थाना पनवाड जिला झालावाड़ शामिल हैं।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य राजपाल सिंह पु०नि० थानाधिकारी थाना कवाई, प्रकाशचन्द स०उ०नि०, आमिर स०उ०नि०, रामेश्वर कानि०, महेन्द्र कानि०, ब्रजेश कानि०, दशरथ कानि०, हेमराज कानि० और दीपेन्द्र कानि० की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस त्वरित कार्रवाई को संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता माना है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story