बारां। राजस्थान के बारां जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष 'ऑपरेशन नशा-विनाश' के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशानुसार जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़ी गई इस मुहिम के दौरान थाना कवाई पुलिस ने घेराबंदी कर एक तस्कर को भारी मात्रा में डोडा-चूरा सहित दबोचने में कामयाबी हासिल की है।

यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरविजन एवं वृताधिकारी अटरु रामानन्द यादव के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस की गठित टीम जब थानाधिकारी राजपाल सिंह के साथ गश्त पर थी, उसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि पप्पू ढीमर के मकान की सीढ़ियों पर एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बैठा है, जिसके पास बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस की जीप और जाप्ते को देखकर वह व्यक्ति घबरा गया और पीडब्ल्यूडी बिल्डिंग की ओर तेज कदमों से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर डिटेन कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान 43 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र कन्हैया लाल मीणा, निवासी तूमडा थाना छीपाबड़ौद के रूप में दी। जब पुलिस ने नियमानुसार उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 3 किलो 900 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे का अनुसंधान अटरु थानाधिकारी अशोक कुमार को सौंपा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से डोडा-चूरा की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी राजपाल सिंह के साथ कांस्टेबल कपिल कुमार, रामेश्वर, सुधीर सिंह और विक्रम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बारां पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है और नशा मुक्त समाज की दिशा में कड़ा संदेश दिया है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story