बारां (राजेंद्र शर्मा)। राजस्थान की अन्नपूर्णा नगरी बारां के रेलवे स्टेशन एवं आप की नगर के समीप स्थित मंदिर श्री कल्याणराय जी महाराज परमहंस आश्रम में आगामी 11 जून से 17 जून 2026 तक एक अभूतपूर्व और भव्य धार्मिक समागम का आयोजन होने जा रहा है। नवनिर्मित मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस सप्त दिवसीय महोत्सव के दौरान भगवान हनुमान जी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा, भव्य श्री राम महायज्ञ और पूज्य श्री श्री 1008 राम मनोहर दास परमहंस महाराज की दिव्य प्रतिमा का अनावरण विभिन्न सनातन धार्मिक विधियों एवं पूर्ण शास्त्रोक्त विधान के साथ संपन्न किया जाएगा। इस ऐतिहासिक और भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर बारां शहर सहित आसपास के समस्त क्षेत्रों के नागरिकों और धर्मप्रेमी बंधुओं में अपार उत्साह और श्रद्धा का माहौल व्याप्त है।

आश्रम के मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार सुमन ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 11 जून से प्रारंभ होने वाले इस सप्त दिवसीय ग्यारह कुंडीय महायज्ञ को लेकर समाज के सभी वर्गों और जातियों के लोगों में भारी कौतूहल और हर्ष है। मंदिर श्री कल्याणराय जी महाराज परमहंस आश्रम के वर्तमान गाधिपति महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 राम नरेश दास महाराज के पावन सानिध्य में भव्य यज्ञशाला के निर्माण सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं और तैयारियों के कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जा रहे हैं। यज्ञ के मुख्य आकर्षण 'प्रधान कुंड' के लिए खुली बोली की प्रक्रिया निरंतर जारी है, जिसमें सर्व समाज का कोई भी श्रद्धालु और धर्मप्रेमी भाग ले सकता है। वर्तमान में इस प्रधान कुंड की बोली 61 हजार रुपए तक पहुंच चुकी है।

इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ 11 जून 2026, दिन गुरुवार को प्रातः 8:00 बजे एक विशाल एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जो बारां शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और चौराहों से होकर गुजरेगी। इस महाआयोजन में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परमहंस आश्रम के शिष्य, अनुयायी और समर्पित भक्तगण निरंतर सक्रिय हैं। वे प्रतिदिन विभिन्न गांवों, ढाणियों, कस्बों और शहरों के कोने-कोने में पहुंचकर सर्व समाज के बंधुओं को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण पत्र सौंप रहे हैं और उनसे इस महायज्ञ में सपरिवार सम्मिलित होने का आग्रह कर रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story