बारां में आज होगा कवि जगदीश सोनी की कृति 'काव्य क्रांति' का भव्य विमोचन, साहित्यकार होंगे शामिल
बारां में शुक्रवार को कवि जगदीश सोनी की कृति 'काव्य क्रांति' का भव्य विमोचन होगा। समारोह में डॉ. रवींद्र शुक्ल सहित कई प्रमुख साहित्यकार शामिल रहेंगे।

तस्वीर में दिख रहे कवि एवं ओजस्वी वक्ता जगदीश सोनी गले में गेंदे और गुलाब के फूलों की माला पहने हुए हैं।
बारां में हिंदी साहित्य भारती, प्रदेश इकाई राजस्थान के तत्वावधान में सुप्रसिद्ध कवि एवं ओजस्वी वक्ता जगदीश सोनी की सद्य: प्रकाशित कृति 'काव्य क्रांति' का भव्य विमोचन समारोह शुक्रवार को सायं 4 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह धर्मादा संस्था सभा भवन में होगा, जिसमें साहित्य जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं हिंदी साहित्य भारती के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवींद्र शुक्ल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा नगर निगम के पूर्व महापौर एवं मां भारती शिक्षण ग्रुप, कोटा के चेयरमैन महेश विजय करेंगे। इस अवसर पर आचार्य परमानंद आशीर्वचन देंगे।
कार्यक्रम में बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कृति एवं कृतिकार का परिचय कवि एवं साहित्यकार अश्विनी त्रिपाठी प्रस्तुत करेंगे, जबकि कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार विजय जोशी, कोटा करेंगे।
हिंदी साहित्य भारती के मीडिया संयोजक प्रद्युम्न गौतम ने बताया कि विमोचन समारोह में पुस्तकों के सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व को प्रतिपादित करने के उद्देश्य से पुस्तक प्रदर्शनी के साथ विक्रय केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। यहां नगर के प्रतिष्ठित साहित्यकारों की प्रकाशित कृतियां अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेंगी।
समारोह के दौरान हिंदी साहित्य भारती के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सनातन दर्शन के मर्मज्ञ डॉ. रवींद्र शुक्ल साहित्यकारों के साथ 'पुस्तक और सांस्कृतिक धारा' विषय पर सीधा संवाद भी करेंगे। इस आयोजन में हिंदी साहित्य भारती राजस्थान प्रदेश के पदाधिकारियों, हाड़ौती संभाग के विभिन्न साहित्यिक संगठनों से जुड़े साहित्यकारों, नगर के प्रबुद्धजनों तथा पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन साहित्य, पुस्तक संस्कृति और वैचारिक संवाद को समर्पित महत्वपूर्ण अवसर के रूप में आयोजित किया जाएगा।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
