आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनज़र बारां जिले में योगमय वातावरण तैयार होने लगा है। विद्या भारती शिक्षा संस्थान बारां द्वारा जिलेभर के स्वामी विवेकानंद एवं आदर्श विद्या मंदिरों में व्यापक स्तर पर योग का पूर्वाभ्यास प्रारंभ कर दिया गया है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था हेतु योग” (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, योग के प्रति रुचि तथा अधिकतम जनसहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला योग शिक्षा प्रमुख सत्यनारायण पांचाल ने बताया कि जिले में संचालित नव चयनित आचार्य विकास वर्ग-2026 के अंतर्गत आदर्श विद्या मंदिर छबड़ा में प्रतिदिन भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। यह प्रशिक्षण विद्या भारती राजस्थान के योग शिक्षा संयोजक राजेंद्र कुमार शर्मा के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों को योगिक दिनचर्या अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने तथा योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में समाज में योग के प्रति व्यापक जागरूकता और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से 14 जून 2026 को जिले में योग चेतना रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली के माध्यम से आमजन को योग अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा।

जिला योग शिक्षा प्रमुख ने राष्ट्रीय योग ओलंपियाड 2026 की ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता 15 जून से 18 जून 2026 तक आयोजित होगी। भारतीय योग परंपरा, संस्कृति, स्वास्थ्य और समग्र जीवनशैली पर आधारित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक तथा योग प्रेमी भाग ले सकेंगे।

उन्होंने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विभागीय कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संस्थानों के कार्मिकों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता विकसित करना, भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का संवर्धन करना, स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना तथा प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।

विद्या भारती राजस्थान के योग शिक्षा संयोजक राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि योग आत्मा से आत्मा तक की यात्रा है। उन्होंने सभी वर्गों से योग साधना को अपनाने, प्रतियोगिता में भाग लेने और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण वेबसाइट www.nyoncert.in पर किया जा सकता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व जिलेभर में चल रहे इन कार्यक्रमों ने न केवल योग के प्रति उत्साह बढ़ाया है, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story