बारां में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से 11 से 16 अक्टूबर 2026 तक जिला स्तर पर विभिन्न साप्ताहिक गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ‘नारी चौपाल-सशक्त बालिका, सुरक्षित समाज’ थीम के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता, करियर निर्माण, आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

राजेंद्र शर्मा के अनुसार, निदेशालय महिला अधिकारिता विभाग, जयपुर और महिला अधिकारिता सहायक निदेशक शुभम नागर के निर्देशन में कार्यक्रमों की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 को सावित्री बाई फूले राजकीय कन्या आवासीय छात्रावास, बारां में हुई। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई गई और जागरूकता रैली निकाली गई। समाज में महिलाओं और बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

साप्ताहिक कार्यक्रमों के तहत विद्यालय की छात्राओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया। बालिकाओं के लिए स्ट्रेस मैनेजमेंट वर्कशॉप आयोजित की गई, ताकि उन्हें शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण मिल सके। इसके अतिरिक्त बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के विषय पर जिला स्तरीय अधिकारियों और कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें उपस्थित प्रतिभागियों को अधिनियम, संबंधित कानूनों, बालिका एवं महिला संरक्षण तथा अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान इन विषयों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए राजीविका विभाग और उद्योग विभाग के समन्वय से योजना सेतु कैंप भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागी महिलाओं को विभिन्न राजकीय विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि वे उपलब्ध योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें।

इसी क्रम में 15 अक्टूबर को राजकीय जनजातीय बालिका आश्रम छात्रावास, बटावदी में किशोरी बालिकाओं के लिए करियर काउंसलिंग और संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं को अपने भविष्य को सुदृढ़ बनाने, शिक्षा के प्रति स्वयं जागरूक रहने, अपने आसपास के आमजन को भी शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और बेटियों को आगे बढ़ाने के विषय में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की ब्रांड एंबेसडर डॉ. सुधीरा ने प्रेरणास्रोत बालिकाओं के उदाहरण प्रस्तुत कर छात्राओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, महिला पुलिस थाना की थानाधिकारी आशा सिंह ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए और साइबर सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी।

महिला अधिकारिता विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में जिले के समस्त ब्लॉक के सुपरवाइजर, म.अ., जिला स्तर पर संचालित महिला सशक्तिकरण एवं निःशुल्क महिला परामर्श केंद्रों के कार्मिक तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी प्रतिभागी रहे। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह के तहत आयोजित गतिविधियों में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story