बारां: 15 गांवों में गूँजी हनुमान चालीसा, महायज्ञ के लिए दिया पीला चावल
महामण्डलेश्वर सर्वेश्वरदास त्यागी महाराज के सानिध्य में निकाली गई वाहन रैली, 19 मई को खेड़िया हनुमान मंदिर में आयोजित होगा श्रीराममारुति महायज्ञ।

बारां के ग्राम बड़वा में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्रीराममारुति महायज्ञ का निमंत्रण देने के लिए निकाली गई भव्य वाहन रैली में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब।
बारां। कोटा-बारां राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम बड़वा के खेड़िया वाले बालाजी महाराज मंदिर सहित गोविंदपुरा, बडवा, जोड़लिया हनुमान जी, बटावदी, बटावदा, बोरीना, खेड़ी, फूंसरा, श्यामपुरा, बैंगना, जयनगर, भोराजेडी, हापाहेड़ी, बरडिया बालाजी, केवड़ा सहित 15 गांवों के हनुमान मंदिरों में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव एक अनूठे और भक्तिमय अंदाज में मनाया गया।
श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम
यज्ञ के प्रणेता महामण्डलेश्वर सर्वेश्वरदास त्यागी जी महाराज के सानिध्य में 'यज्ञ संचालन समिति' और सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने वाहन रैली के माध्यम से आसपास के 15 गाँवों का भ्रमण किया। भगवा पताकाओं से सजे वाहनों का काफिला जहाँ से भी गुजरा, वातावरण पूरी तरह राम हनुमान मय हो गया।
गाँव-गाँव सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ
भ्रमण के दौरान जत्था जिस भी गाँव में पहुँचा, वहां के स्थानीय हनुमान मंदिर में विशेष पूजन-वंदन किया गया। महामण्डलेश्वर श्री त्यागी जी की उपस्थिति में सैंकड़ों भक्तों ने एक स्वर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस आध्यात्मिक नवाचार ने ग्रामीणों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति के इस अनूठे प्रवाह में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रियों का आत्मीय स्वागत-सत्कार किया।
श्रीराममारुति महायज्ञ का दिया गया आमंत्रण
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनकल्याण की भावना और आगामी 19 मई से खेडिया हनुमान मंदिर पर आयोजित होने वाले 'श्रीराममारुति महायज्ञ' के प्रति अलख जगाना था। समिति के अध्यक्ष बाबूलाल जी मालव के निर्देशन में कार्यकर्ताओं ने यज्ञ का पत्रक एवं पीले चांवल देकर सभी ग्रामीणों को सपरिवार इस महायज्ञ में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। मार्गदर्शक मंडल के सदस्य आचार्य परमानंद ने कहा कि "यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में एकता और भक्ति के संचार का माध्यम है। महायज्ञ के माध्यम से हम विश्व शांति और जनकल्याण की कामना करेंगे।"
संस्कृति और धर्म के प्रति युवाओं में उत्साह
यात्रा में शामिल युवाओं और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। भगवा ध्वजों से अटे वाहनों और 'जय श्री राम' के जयघोष ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय बना दिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजनों से नई पीढ़ी में अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति जुड़ाव बढ़ता है तथा अधिकतम संख्या में यज्ञ में आने का तथा तन मन धन से सहयोग करने का वचन दिया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
