जनकल्याणकारी योजनाओं और चहुंमुखी विकास कार्यों की जानकारी अंतिम छोर पर बैठे आमजन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ बारां जिले में 'ग्राम रथ अभियान' सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। बुधवार को जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में जन-जागरूकता कार्यक्रमों का सघन आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत अंता विधानसभा के रैबारपुरा कोयला, बारां-अटरू के कवाई व मुकुंदपुरा, किशनगंज के रानीबड़ौद तथा छबड़ा विधानसभा के सेवनखेड़ी, बटावदापार एवं मानपुरा में ग्राम रथों के माध्यम से प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया। इस अभियान का मुख्य आकर्षण ऑडियो-वीडियो और नुक्कड़ नाटकों का अनूठा संगम रहा, जिसने सरकारी योजनाओं के संदेश को सीधे जन-मानस के हृदय तक पहुंचाया। मोबाइल वैन पर लगी अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन्स के माध्यम से किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों और उन्नत पद्धतियों से रूबरू कराया जा रहा है, वहीं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के वीडियो संदेशों के जरिए जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। लोक कलाकारों द्वारा संध्या चौपालों में गीतों और नाटकों के जरिए जटिल योजनाओं को रोचक ढंग से समझाया जा रहा है, साथ ही ग्रामीणों की जिज्ञासाओं और सुझावों के लिए रथों पर विशेष सुझाव पेटिकाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

अभियान की निरंतरता में गुरुवार को भी विधानसभा क्षेत्र अंता के उल्थी, भैरूपुरा व कोटड़ीसूण्ड़ा, बारां-अटरू के चारपुरा व मोठपुर, किशनगंज के किशनगंज मुख्यालय तथा छबड़ा के खांखरा, मोरेला एवं धींगाराड़ी ग्रामों में रथों द्वारा जन-जागरूकता की अलख जगाई जाएगी। इस अभियान की सार्थकता का जीवंत प्रमाण भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त मुख्यालय पंचायत समिति अटरू के अटल सेवा केन्द्र शेरगढ़ में देखने को मिला, जहां मंगलवार को ग्राम करजूना निवासी लाभार्थी राकेश कुमार धाकड़ पुत्र बिरधीलाल धाकड़ ने अपनी समस्या साझा की। ट्रैक्टर होने के बावजूद रोटावेटर के अभाव में खेती की बढ़ती लागत से परेशान राकेश कुमार को कृषि पर्यवेक्षक रविन्द्र कुमार सुमन ने राज्य सरकार द्वारा कृषि यंत्रों पर दिए जाने वाले अनुदान की जानकारी दी। ग्राम रथ अभियान के मंच पर तहसीलदार अटरू महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी, सहायक कृषि अधिकारी ऋषिराज सिंह और कृषि पर्यवेक्षक सुमन ने त्वरित समन्वय करते हुए किसान के आवेदन पर प्रशासनिक स्वीकृति जारी करने में सक्रिय सहायता प्रदान की। अनुदान की इस त्वरित प्रक्रिया ने न केवल एक कृषक की आर्थिक बाधाओं को दूर किया, बल्कि राज्य सरकार की संवेदनशीलता को भी रेखांकित किया, जिससे उत्साहित होकर लाभार्थी ने ग्राम रथ अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह अभियान जिले में सूचना, संचार और समाधान का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story