प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान ने शुक्रवार को भी गांवों में व्यापक जनजागरूकता का माहौल बनाया। चार एलईडी मोबाईल वैन के माध्यम से विभिन्न गांवों में ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति और नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं का संदेश प्रसारित किया गया।

अभियान के तहत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में संचालित मोबाइल वैन की एलईडी स्क्रीन पर किसानों को खेती-बाड़ी की आधुनिक तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही संध्या चौपाल और कला जत्था के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों के सुझाव प्राप्त करने के लिए रथों पर सुझाव पेटिका भी रखी गई है, जिनसे प्राप्त सुझावों का विश्लेषण कर भविष्य में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक जनोपयोगी और पारदर्शी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

शुक्रवार को ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्र अंता के जयनगर, मिर्जापुर, चहेड़िया, मानपुरा और सोरसन, बारां-अटरू क्षेत्र के मण्डोला और बराना, किशनगंज क्षेत्र के गरड़ा, बकनपुरा, खांखरा, खंडेला और रामपुरटोडिया तथा छबड़ा क्षेत्र के काल्पाजागीर, सारथल, भावपुरा और बिलेण्डी में ग्राम रथों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इन कार्यक्रमों में एलईडी स्क्रीन के जरिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के संदेश प्रसारित कर जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित किया गया।

योजनाओं को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के लिए लोक कलाकारों ने शाम के समय गांवों में आयोजित ‘संध्या चौपाल’ में कला जत्था के माध्यम से गीतों और नाटकों के जरिए योजनाओं को सरल भाषा में समझाया। इस दौरान ग्राम रथों को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा, जिससे अभियान के प्रति उत्साह और भागीदारी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

शनिवार को भी यह अभियान जारी रहेगा। विधानसभा क्षेत्र अंता के नियाना, खजूरनाकलां, बमूलियामाताजी, दुगारी और ठीकरिया, बारां-अटरू के करनाहेड़ा, कलमंडा, उम्मेदगंज और फूंसरा, किशनगंज के भंवरगढ़, घट्टी, परानिया, पचलावड़ा और नाहरगढ़ तथा छबड़ा क्षेत्र के कलमोदिया, दीगोदजागीर, हरनावदाशाहजी, कुम्भाखेड़ी और कचनारियाकलां में ग्राम रथों के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

यह अभियान न केवल योजनाओं की जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचा रहा है, बल्कि आमजन और सरकार के बीच संवाद को मजबूत कर विकास की प्रक्रिया को अधिक सहभागी और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story