सीसवाली महाविद्यालय में स्वीप कार्यक्रम आयोजित, नव मतदाताओं को ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया से किया जागरूक
बारां के राजकीय महाविद्यालय सीसवाली में स्वीप कार्यक्रम के तहत नव मतदाताओं को मतदान का संकल्प दिलाया गया। ईसीआई नेट ऐप, वोटर हेल्पलाइन ऐप, ऑनलाइन पंजीयन, ईपिक लिंकिंग और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई, साथ ही निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ।

बारां के राजकीय महाविद्यालय सीसवाली में मतदाता जागरूकता स्वीप कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थी, शिक्षक और अधिकारी।
बारां जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में नव मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीयन के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय सीसवाली में स्वीप कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित जनों को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को मतदान का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सशक्तीकरण में युवाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि ऊर्जा से ओत-प्रोत युवा अपनी सामर्थ्य, नवीन विचारों और तकनीकी कौशल के माध्यम से परंपरागत सोच से हटकर वर्तमान को नया आकार देने की क्षमता रखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निर्वाचन आयोग की ओर से 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं के लिए मतदाता सूची में पंजीकरण की व्यवस्था की जानकारी दी गई। अमित भार्गव ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने वर्ष में चार आधार तिथियां 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर निर्धारित की हैं, जिनके आधार पर पात्र युवा अपना पंजीयन करा सकते हैं।
उन्होंने नव मतदाताओं को प्ले स्टोर से ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाया तथा घर बैठे ईसीआई नेट ऐप, वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल अवजमतेण्मबपण्हवअण्पद के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही फॉर्म-6बी के जरिए ईपिक को आधार से लिंक करने तथा फॉर्म-8 के माध्यम से वोटर आईडी में किसी भी प्रकार के संशोधन की ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ईपिक नंबर, ईपिक पर उपलब्ध बार या क्यूआर कोड अथवा मोबाइल नंबर की सहायता से मतदाता सूची में अपना नाम देखा जा सकता है और अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा केवाईसी ऐप के जरिए अपने क्षेत्र के चुनाव उम्मीदवारों की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
ईएलसी प्रभारी डॉ. तनु राजपाल ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत ‘लोकतंत्र का आधार’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें अनिशा मीणा ने प्रथम, आयुषी नागर ने द्वितीय तथा खुशबू मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य मुकेश मीणा, सहायक प्रोफेसर डॉ. पूजा जोरासिया, कीर्ति यादव, धर्मराज मीणा, प्रदीप चौधरी, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नव मतदाताओं को मतदाता सूची में पंजीयन, ऑनलाइन सेवाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक बनाना रहा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
