अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी के निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 190 मरीजों की जांच, 23 मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित
बारां में अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी द्वारा आयोजित निःशुल्क मेडिकल एवं नेत्र जांच शिविर में 190 मरीजों की जांच हुई। 23 मोतियाबिंद मरीजों का चयन कर कोटा में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।

बारां में अंजुमन मैरिज हॉल में आयोजित मेडिकल शिविर का फीता काटकर उद्घाटन करते मोहम्मद शाहिद मन्नू पठान और अन्य लोग।
बारां। अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी की ओर से सुधा मेडिकल कॉलेज, कोटा के सहयोग से मांगरोल रोड स्थित अंजुमन मैरिज हॉल में निःशुल्क मेडिकल एवं नेत्र जांच चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर का शुभारंभ मदरसा अंजुमन इस्लामिया के सदर एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव मोहम्मद शाहिद मन्नू पठान ने फीता काटकर किया।
अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी के जिला प्रवक्ता शाहिद इकबाल भाटी ने बताया कि शिविर में सुधा मेडिकल कॉलेज, कोटा से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों के स्वास्थ्य एवं आंखों की विस्तृत जांच की। इस दौरान कुल 190 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जांच के बाद 23 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित मरीजों को कोटा ले जाकर निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और आंखों से संबंधित बीमारियों का समय पर उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
अंजुमन इत्तेहाद-ए-बाहमी के सदर आबिद हुसैन अंसारी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा आंखों से जुड़ी समस्याओं का समय पर उपचार कराना है।
शिविर को सफल बनाने में मास्टर अय्यूब अली, हाजी वसीम अहमद, अब्दुल मतीन, हाजी मोहम्मद अशफाक, हाजी अब्दुल हसीब, डॉ. जाकिर पार्षद, पार्षद अब्दुल अजीज (अज्जू), बबलू बक्सा, मौलाना अख्तर व वासिद खान सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।
शिविर संयोजक हाजी इकबाल हुसैन ने चिकित्सकों, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। शिविर को लोगों का उत्साहजनक सहयोग मिला और बड़ी संख्या में मरीजों ने इसका लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
