बारां। नगर परिषद बारां द्वारा पुलिस प्रशासन के सहयोग से गत एक सप्ताह से चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की खामियों और आपत्तियों को लेकर गुरुवार को भाजपा के जिला महामंत्री महावीर सिंह हाड़ा के नेतृत्व में व्यापारी प्रतिनिधि मंडल द्वारा अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवर लाल जंगवाल से चर्चा की गई।

होली पर्व तक अभियान रोकने पर बनी सहमति

वार्ता के दौरान अतिक्रमण हटाओ अभियान को फिलहाल होली पर्व को देखते हुए रोकने और होली बाद पुनः शहर के सभी व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर सम्पूर्ण समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। एक सिस्टम और प्लान के साथ शहर के सभी व्यापारियों को विश्वास में लेकर अतिक्रमण हटाने पर सभी की सहमति बनी, जिसमें बिंदुवार अतिक्रमण की परिधि में आने वाले सभी को चिन्हित कर हटाया जाएगा। वहीं बाजारों में पार्किंग और शौचालय व्यवस्था के साथ सुगम आवागमन को लेकर सारी रूपरेखा बनाकर ही अतिक्रमण की कार्यवाही अमल में लाई जावेगी।

प्रतिनिधि मंडल और प्रशासन के बीच सार्थक वार्ता

मंडी के वरिष्ठ व्यवसाई महावीर सिंह हाड़ा के सानिध्य में व्यापार संघ 'क' वर्ग से मनीष लश्करी, बिल्डिंग मटेरियल संघ से कमलेश गोयल, कपड़ा व्यापार संघ से प्रदीप जैन, जीतू पिपलानी, छोटा चौराहा मार्केट से वरिष्ठ हुक्म खंडेलवाल सहित व्यापारिक प्रतिनिधि मंडल के साथ सार्थक वार्ता सम्पन्न हुई। इस बैठक में होली तक यथास्थिति पर सहमति बनी और होली बाद पुनः वार्ता करना तय हुआ, जिस पर सबकी सहमति की मोहर लगी।

व्यापारियों से समन्वय और नियमों की पालना का आग्रह

वार्ता से आने के बाद प्रतिनिधि मंडल ने सभी व्यापारियों से विनम्र आग्रह भी किया कि "आप अपनी निर्धारित परिधि में ही सामान रखकर व्यापार करें, ताकि व्यापार भी चले और आवागमन भी बाधित ना हो।" इसकी पालना सभी व्यापारी करेंगे, ऐसी अपेक्षा सभी व्यापारियों से प्रतिनिधि मंडल करता है ताकि आपसी समन्वय और तालमेल परिषद प्रशासन और व्यापारियों का आपस में बना रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story