बारां जिले के छबड़ा वृत क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस और विद्युत विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देश पर लंबे समय से एनडीपीएस पदार्थों की तस्करी में लिप्त 12 तस्करों के अवैध विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। कार्रवाई के दौरान विद्युत विभाग ने करीब 4 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। इस कार्रवाई के बाद तस्करों को अंधेरे में रात बिताने की स्थिति का सामना करना पड़ेगा।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि वृत छबड़ा क्षेत्र में निवासरत अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाते हुए छबड़ा, छीपाबड़ौद, हरनावदाशाहजी और सारथल थाना पुलिस द्वारा लंबे समय से सक्रिय तस्करों को चिन्हित किया गया। जांच में सामने आया कि इन तस्करों के घरों में विद्युत नियमों की खुलेआम अवहेलना की जा रही थी। इसके बाद सूचना विद्युत विभाग को दी गई।

विद्युत विभाग छबड़ा और छीपाबड़ौद की टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। मौके पर पाया गया कि कई तस्कर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान थाना छबड़ा क्षेत्र के तस्कर बलवीर उर्फ बल्लू सांसी निवासी गणपति नगर छबड़ा, राजाराम मीणा निवासी गोविंदपुरा, अशोक मीणा निवासी गोविंदपुरा, रामगोपाल मीणा निवासी गोविंदपुरा और कल्लू उर्फ छोटूलाल मीणा निवासी गोविंदपुरा के अवैध विद्युत कनेक्शन काटे गए।

इसी प्रकार थाना हरनावदाशाहजी क्षेत्र के तस्कर जगन्नाथ मीणा निवासी प्रेमपुरिया और दिनेश पुत्र जगन्नाथ मीणा निवासी प्रेमपुरिया के खिलाफ कार्रवाई की गई। थाना छीपाबड़ौद क्षेत्र में घनश्याम मीणा पुत्र गुलाबचंद निवासी हांडीखोह हाल बसंत विहार दीगोद खालसा रोठ छीपाबड़ौद, अनिता मीणा पत्नी किशोर कुमार मीणा निवासी देवली अरब रोड कोटा, किशोर कुमार मीणा पुत्र गुलाबचंद मीणा निवासी हांडीखोह और गुलाबचंद निवासी हांडीखोह को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। वहीं थाना सारथल क्षेत्र के बिरम पुत्र जगदीश लोधा निवासी डोकरीखोह और राहुल पुत्र जगदीश लोधा निवासी डोकरीखोह की हरनावदाशाहजी स्थित दुकान और मकानों पर भी विद्युत विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वीसीआर भरी।

संयुक्त कार्रवाई में विद्युत विभाग ने सभी संबंधित तस्करों पर लगभग 4 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस और विद्युत विभाग की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई माना जा रहा है।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुलिस केवल मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी और उनके सहयोगियों की अवैध आय से अर्जित चल-अचल संपत्तियों के विरुद्ध भी प्रभावी कुर्की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बारां पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगी ताकि मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

इस कार्रवाई में वृत्ताधिकारी छबड़ा ताराचंद, थाना प्रभारी छबड़ा राजेश खटाना, थाना प्रभारी छीपाबड़ौद योगेश कुमार, थाना प्रभारी हरनावदाशाहजी दीनदयाल, सहायक उपनिरीक्षक अजित, जितेंद्र, रमेश, कंवरपाल, अनिल, रणवीर सिंह, ओमप्रकाश और गिरवर सहित पुलिस टीम शामिल रही। वहीं विद्युत विभाग की ओर से जेईएन अंशार अहमद, एईएन विकास, एईएन नीरज, सीटी इंचार्ज सुरेंद्र नागर और लाइनमैन जगदीश शर्मा एफआरटी टीम के साथ कार्रवाई में मौजूद रहे। पुलिस और विद्युत विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई ने जिलेभर के मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story