बारां। ऐतिहासिक डोल मेला रंगमंच सोमवार रात देशभक्ति, रोमांच, हास्य और मनोरंजन से सराबोर रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति के तरानों ने दर्शकों में जोश भरा, वहीं सोनी टीवी शो फेम जवाहर मलखम ग्रुप के नन्हे कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने पंडाल में रोमांच पैदा कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना की जोरदार प्रस्तुति से हुई। इसके बाद गायक विक्की भारती ने देशभक्ति के तरानों का सिलसिला शुरू किया। जैसे ही रंगमंच से ‘हम जिएंगे और मरेंगे, ऐ वतन तेरे लिए’ के स्वर गूंजे, पूरा पंडाल देशभक्ति के जोश से भर उठा। दर्शकों ने भारत माता के जयकारे लगाए। उत्साहित दर्शकों ने गायक को मालाओं से लादकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण जवाहर मलखम ग्रुप रहा। नन्हे मलखमबाजों ने मलखम और शारीरिक व्यायाम की कठिन एवं संतुलित प्रस्तुतियां दीं। हर करतब के बाद पंडाल तालियों से गूंज उठा। बच्चों की फुर्ती, संतुलन और साहस ने दर्शकों को रोमांचित किया।


एंकर राजेंद्र चौहान ने पूरी ऊर्जा के साथ मंच संभालते हुए कार्यक्रम में लगातार उत्साह बनाए रखा। भीलवाड़ा से आए हास्य कलाकार डेनी अलबेला ने हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया। जूनियर राखी सावंत अंजलि शर्मा की हूबहू मिमिक्री और शानदार चित्रहार प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में रंग जमा दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद अतिथियों ने भी गीतों की महफिल में रंग भर दिया। मध्यप्रदेश से आए वीरेंद्र सिंह ने दोस्ती पर गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। ‘ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे, छोड़ेंगे दम मगर तेरा साथ न छोड़ेंगे’ की शानदार भावुक प्रस्तुति पर पूर्व सभापति कमल राठौर भी खुद को रोक नहीं सके। उन्होंने मित्रों के साथ सुर से सुर मिलाया तो पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

डोल मेला रंगमंच मीडिया प्रभारी लक्ष्मण वर्मा सागर ने बताया कि कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व सभापति कमल राठौर, उपसभापति तेजस सुमन, डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर तथा पार्षद हितेश चंदेल, मंजू प्रजापति, सगुना बाई और अली असगर सहित अन्य पार्षदों ने कलाकारों एवं मध्यप्रदेश से आए अतिथि भूपेंद्र, वीरेंद्र सिंह, गोलू और पीयूष का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

डोल मेला रंगमंच पर आज भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी और दर्शकों को मनोरंजन की नई प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story