बारां के ऐतिहासिक डोल मेले में पवन के सुरों ने बांधा समां, आज देशभक्ति गीतों के साथ होगा समापन
मांगरोल रोड पर आयोजित ऐतिहासिक डोल मेले के समापन समारोह से पहले सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। आज रात शहीदों को स्वरांजलि दी जाएगी।

बारां के मांगरोल रोड स्थित रंगमंच पर आयोजित ऐतिहासिक डोल मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए कलाकार।
बारां। मांगरोल रोड पर आयोजित ऐतिहासिक डोल मेले की सांस्कृतिक संध्या में किस्मत म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों, फिल्मी कलाकारों की मिमिक्री और धमाकेदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। गुरुवार रात रंगमंच पर सजी संगीत की महफिल में गायक पवन की सुरीली आवाज ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में दर्शक गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। वहीं, करीब पखवाड़े भर से अधिक समय से चल रहे ऐतिहासिक डोल मेले का समापन आज शनिवार को होगा। समापन समारोह के बाद रात को 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति के गीतों के जरिए शहीदों को स्वरांजलि अर्पित की जाएगी।
गुरुवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति वंदना के साथ हुआ। इसके बाद किस्मत म्यूजिकल ग्रुप के गायक पवन ने अपनी सुरीली आवाज में एक के बाद एक लोकप्रिय फिल्मी गीत प्रस्तुत किए। उनकी गायकी पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। पवन ने फिल्मी कलाकारों की मिमिक्री कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शक आश्चर्यचकित रह गए।
कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों पर आकर्षक चित्रहार भी प्रस्तुत किए गए। टीना, डिंपल, लक्ष्मी, सपना और सोनाक्षी ने अपनी ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों से रंगमंच पर समां बांध दिया। उनकी तेज रफ्तार और आकर्षक नृत्य अदाओं पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। गीत-संगीत, मिमिक्री और नृत्य की प्रस्तुतियों ने डोल मेले की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने कलाकारों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान गायक गोलू माली और उनकी टीम सहित तरुण, राज कश्यप एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान पुलिस का माकूल बंदोबस्त रहा।
इधर, जिला मुख्यालय पर आयोजित ऐतिहासिक डोल मेले का विधिवत समापन आज शनिवार को रंगमंच पर होगा। डोल मेला रंगमंच मीडिया प्रभारी लक्ष्मण वर्मा सागर ने बताया कि मेले की सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के समापन के साथ रात को 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर के अनुसार, शाम चार बजे आयोजित होने वाले समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व उपप्रधान संदीप शर्मा होंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता नगर परिषद सभापति शीतल कमल राठौर करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में आम आदमी पार्टी के संभाग प्रभारी जितेंद्र शर्मा, पूर्व उपप्रधान रामहेत मीणा, मजीद सलीम और शिवसेना जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह हाड़ा शामिल होंगे।
समापन समारोह के बाद रात को डोल मेला रंगमंच पर 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम सजेगा। इसमें प्रसिद्ध गायक कलाकार देशभक्ति के गीत प्रस्तुत कर शहीदों को स्वरांजलि अर्पित करेंगे। देशभक्ति के तरानों से सजी यह संध्या ऐतिहासिक डोल मेले के समापन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
