बारां के डोल मेले में भवई नृत्य और राजस्थानी लोक संस्कृति की रही धूम
ऐतिहासिक डोल मेले के रंगमंच पर सांस्कृतिक संध्या के दौरान भवई नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जबकि आगामी रात श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन होगा।

तस्वीर में बारां डोल मेले के मंच पर कलाकार सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत करते हुए दिख रहे हैं।
बारां। “केसरिया बालम आओ नी, पधारो म्हारे देश...” की राजस्थानी मिठास और भवई नृत्य की मनमोहक अदाओं ने मंगलवार रात ऐतिहासिक डोल मेले के रंगमंच को राजस्थान की लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया। अनंत इवेंट की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद एंकर योगेश वर्मा ने गणपति वंदना के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। निशा उर्फ नरेंद्र ने भवई नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सिंगर श्याम व्यास की आवाज में राजस्थानी गीतों की स्वर लहरियों के बीच कलाकार ने सिर पर एक के बाद एक दर्जनों मटकियां और सत्तर किलो का पहिया रखकर संतुलन साधते हुए नृत्य किया तो पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
“उमराव थारी बोली मीठी ला लागे म्हारा राम...” जैसे राजस्थानी गीतों पर भवई की अदाओं ने मेले की रात में लोक संस्कृति की ऐसी छटा बिखेरी कि दर्शक देर तक अपनी जगह से नजरें नहीं हटा सके।
कार्यक्रम का खास आकर्षण सारेगामापा फेम ढाई फुट के कलाकार जगदीश भाटी रहे। उन्होंने बॉलीवुड गीत “मैं निकला गड्डी ले के...” पर जीवंत और जोशीली प्रस्तुति देकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मंच पर उनकी मौजूदगी और अंदाज ने खूब तालियां बटोरीं।
वहीं निशा नागोरी, पूजा राजस्थानी और जिया राधिका राजस्थानी ने फिल्मी गीतों पर आकर्षक चित्रहार प्रस्तुत कर कार्यक्रम में बॉलीवुड का तड़का लगा दिया। राजस्थानी लोक नृत्य से लेकर फिल्मी गीतों तक कलाकारों ने प्रस्तुतियों की ऐसी रंगत जमाई कि डोल मेले की रात देर तक गुलजार रही।
कार्यक्रम के आरंभ में मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने कलाकारों सहित पूर्व सभापति कमल राठौर, उपसभापति तेजस सुमन, पार्षद दीपक, ओमप्रकाश व्यास सेवा संस्थान की टीम सहित अन्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
रंगमंच पर आज श्री श्याम संकीर्तन
बारां, 29 सितंबर। डोल मेला रंगमंच पर बुधवार रात भजन संध्या एवं श्री श्याम संकीर्तन का भव्य आयोजन होगा। मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने बताया कि इस आयोजन में दिल्ली के ख्यातनाम भजन गायक नरेश सेनी सहित दीपिका दीदी और तनीशा भटनागर श्री श्याम बाबा की स्तुति करेंगी।
नागर ने बताया कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रोताओं की संभावना को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त व्यवस्था करवाई जा रही है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भक्ति संध्या का आनंद लेने की अपील की।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
