राजस्थान के बारां जिले में चिकित्सा विभाग के एक उच्चाधिकारी पर महिला कर्मचारी के धर्मांतरण के प्रयास और शारीरिक शोषण के गंभीर आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। नगर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस मामले में मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर त्वरित और कठोर दंडात्मक कार्यवाही की मांग की है। यह मामला केलवाड़ा तहसील के शाहाबाद निवासी डॉ. शेख आरिफ इकबाल, पुत्र शेख मोहम्मद इश्तियाक से जुड़ा है, जो वर्तमान में समरानियां में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) और उपजिला अस्पताल प्रभारी के पद पर तैनात है।

विहिप जिला मंत्री विरेन्द्र सिंह हाडा के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने अपने पद और रसूख का दुरुपयोग करते हुए अपने ही अधीनस्थ कार्यरत महिला कर्मचारी पर धर्म परिवर्तन के लिए निरंतर दबाव बनाया और उसका मानसिक व शारीरिक शोषण किया। संगठन का आरोप है कि डॉ. शेख आरिफ इकबाल आदतन अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को डरा-धमकाकर उनका शोषण करता रहा है। इस प्रकरण की गंभीरता तब और बढ़ गई जब मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की विशाखा कमेटी ने जांच में डॉ. शेख आरिफ को महिलाकर्मी से छेड़छाड़ के आरोपों का दोषी पाया। जांच में दोष सिद्ध होने के बाद आरोपी डॉक्टर ने सरकारी मुहर लगा एक माफीनामा भी जारी किया था, जो अपराध की स्वीकारोक्ति की पुष्टि करता है।

इतना ही नहीं, आरोपी डॉक्टर की पृष्ठभूमि भी विवादित रही है; पूर्व में उन पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे पद प्राप्त करने का मुद्दा उठा था, जिस पर वर्तमान में उच्च न्यायालय से स्थगन (स्टे) प्रभावी है। विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि आरोपी को तत्काल सेवा से बर्खास्त कर सख्त कानूनी कार्यवाही नहीं की गई, तो संगठन पूरे जिले को बंद कर कलेक्ट्रेट परिसर में उग्र आंदोलन छेड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विहिप जिला उपाध्यक्ष महावीर सुमन, बजरंग दल जिला सहसंयोजक वैभव नागर, नगर उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, नगर गौ रक्षा प्रमुख आकाश सिंह, नगर प्रचार प्रसार प्रमुख रामलखन यादव, विहिप प्रखण्ड मंत्री दिनेश शर्मा और बजरंग दल प्रखण्ड संयोजक अरुण कांत मीणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story