विश्व शतरंज दिवस पर आहान-अदिति का जलवा, बारां अंडर-13 प्रतियोगिता में बने चैंपियन
बारां में विश्व शतरंज दिवस पर आयोजित अंडर-13 जिला स्तरीय प्रतियोगिता में आहान पौराणिक और अदिति सिंघल ने खिताब जीता। जानिए प्रतियोगिता के परिणाम, विजेता खिलाड़ियों और राज्य स्तरीय चयन की पूरी जानकारी।

बारां में शतरंज प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अतिथि एक बालक को ट्रॉफी प्रदान करते हुए।
बारां। विश्व शतरंज दिवस के अवसर पर जिला शतरंज संघ की ओर से रविवार को आयोजित जिला स्तरीय अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता में बाल प्रतिभाओं ने अपनी रणनीतिक चालों से शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में आहान पौराणिक ने अपने विरोधियों को मात देते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में अदिति सिंघल ने सटीक और प्रभावी चालों के दम पर विजेता ट्रॉफी हासिल की।
राजस्थान शतरंज संघ के उपाध्यक्ष प्रद्युम्न गौतम ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटा रोड के परिसर में आयोजित इस चैंपियनशिप में बच्चों ने अपनी सूझबूझ और खेल कौशल से बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणामों में दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से हर्षिल शर्मा, अक्ष बंसल, जलज गुप्ता, जांश जैन और विश्वजीत सिंह ने 4-4 अंक प्राप्त किए। कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर की टाई ब्रेकर की सूक्ष्म गणना के आधार पर बालक वर्ग में हर्षिल शर्मा को द्वितीय और अक्ष बंसल को तृतीय स्थान पर विजयी घोषित किया गया।
बालिका वर्ग में सोनाक्षी मीणा द्वितीय और साक्षी मीणा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में कुल 5 राउंड खेले गए, जिनमें प्रत्येक दौर के साथ शह और मात का रोमांच बढ़ता गया। खिलाड़ियों ने हर राउंड में जीत के लिए पूरी मेहनत की और अपनी रणनीति के साथ मुकाबले लड़े। प्रतियोगिता में 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
दोनों वर्गों में विजेता और उपविजेता रहे खिलाड़ी चित्तौड़गढ़ में आगामी 25 जुलाई से होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
पुरस्कार वितरण समारोह में व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा और योग प्रशिक्षक डॉ. नीरज यादव बतौर अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मोबाइल गेमिंग के इस दौर में शतरंज का खेल बच्चों की एकाग्रता और मानसिक शक्ति को बढ़ाने का सबसे बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज जिन बच्चों ने यहां हार-जीत का अनुभव किया है, वही आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगे।
अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके साथ ही प्रत्येक नन्हें खिलाड़ी को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन नियमों की सटीकता के साथ चीफ आर्बिटर प्रमोद गौतम ने किया, जबकि गौरव चौरसिया सहयोगी आर्बिटर रहे। इस अवसर पर संघ की ज्योत्सना तिवारी और कैलाश नरुका सहित इशु पौराणिक, परेश गाठाणी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
