बारां: जिला स्तरीय जनसुनवाई में सुनी गई 40 परिवेदनाएं, दिए समाधान के निर्देश
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने जनसुनवाई में अतिक्रमण, भूमि विवाद और वेतन संबंधी समस्याओं पर अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

बारां के राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा आमजन की समस्याओं को सुनते हुए।
बारां। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु गुरुवार को जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में राजीव गांधी सेवा केन्द्र, कलेक्ट्रेट परिसर, बारां में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवादी से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी उपखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
जिला कलक्टर असावा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण पूर्ण गंभीरता एवं समयबद्धता से किया जाए। उन्होंने कहा कि जांच से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित समय-सीमा में तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित किया जाए। कलक्टर ने हिदायत दी कि अगली जनसुनवाई से पूर्व लंबित प्रकरणों की जांच प्रक्रिया पूर्ण कर पालना रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ताकि आमजन को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।
जनसुनवाई में कुल 40 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमि की पैमाइश एवं सीमाज्ञान, आवासीय क्षेत्रों में गंदे पानी की निकासी, बंद रास्तों को खुलवाने, भूमि विवाद, भूमि अवाप्ति के मुआवजे का भुगतान, कार्मिक को नियमानुसार वेतन से कम भुगतान, न्यायालय आदेशों की पालना एवं पैतृक आराजी पर कब्जा दिलवाने जैसे मामले शामिल रहे। कलक्टर ने प्रत्येक प्रकरण पर सुनवाई कर संबंधित विभागाध्यक्षों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। कार्मिक को कम वेतन भुगतान के मामले में तत्काल तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्व जनसुनवाई के प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने दोहराया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को सुशासन एवं त्वरित राहत प्रदान करना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी विश्वजीत सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी सहित राजस्व, पंचायती राज, सार्वजनिक निर्माण, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कैम्पस प्लेसमेंट शिविर 26 को
उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय परिसर, कोटा रोड पर 26 मई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कैम्पस प्लेसमेंट शिविर आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र के 5-7 नियोजक तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से चयन करेंगे। शिविर में स्वरोजगार प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी।
मीणा 22 को आएंगे बारां
राजस्व मण्डल के सदस्य केसरी लाल मीणा 22 मई को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी राजस्व न्यायालयों की समीक्षा बैठक लेंगे। एडीएम भंवरलाल जनागल ने बताया कि इस दौरान वे अतिरिक्त जिला कलक्टर, उपखण्ड अधिकारी बारां एवं उपखण्ड अधिकारी अन्ता के न्यायालयों का निरीक्षण करेंगे।
पत्रकार कल्याण और सम्मान के लिए सरकार का अहम निर्णय
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान राशि को 15 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मंजूरी दी है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना (संशोधन) नियम-2026 के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे पूर्णकालिक पत्रकार, जिन्होंने 20 वर्षों तक पत्रकारिता क्षेत्र में सेवा दी हो, वे इस योजना के पात्र होंगे। बजट घोषणा की अनुपालना में हुई इस वृद्धि से दिवंगत पत्रकार की पत्नी को मिलने वाली सम्मान निधि भी 7,500 से बढ़कर 9,000 रुपये हो गई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
