जिला फुटबॉल संघ बारां के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर नागौर में होने वाली राज्यस्तरीय जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए बारां जिले की टीम की घोषणा की गई। जिला फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने टीम चयन की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चयनित टीम 7 से 10 अगस्त 2026 तक नागौर में आयोजित राज्यस्तरीय जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर बारां जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम घोषणा समारोह के मुख्य अतिथि जिला संघचालक वैद्य राधेश्याम गर्ग रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, बारां नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व संचालक हरिओम प्रधान, पार्षद ललित गुर्जर, व्याख्याता शारीरिक शिक्षा ऋचा वर्मा, दीप्ति मदान तथा भारत माता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मूलचंद शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भीमराज चौधरी ने माल्यार्पण कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए वैद्य राधेश्याम गर्ग ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और चरित्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से आगे बढ़ने वाला खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा बनता है और अनुशासन, नेतृत्व तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नशे से दूर रहकर संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि "जहाँ संस्कार होते हैं, वहाँ विकास के द्वार स्वतः खुल जाते हैं।"

वैद्य राधेश्याम गर्ग ने जिला फुटबॉल संघ द्वारा जिले में संचालित खेल गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि बारां ने प्रदेश में फुटबॉल की पहचान बनाई है। उन्होंने इसका श्रेय जिला फुटबॉल संघ और प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया के सतत प्रयासों को दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

जिला फुटबॉल संघ के प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम में जैद अरफान, यशवर्धन, लक्ष्य राठौर, मोहम्मद फरहान, राहुल सुमन, गोविंद प्रजापति, हंसराज सुमन, सक्षम गेरा, राहुल, हितेश सुमन, गर्वित पंकज, दिव्यांश चतुर्वेदी, आरिश गौरी, कौशल पंकज, आदित्य भार्गव, ताहिर अबूजर, सौमान खान तथा मोहम्मद अरहान को शामिल किया गया है।

टीम के मैनेजर दिनेश पवार और मुख्य कोच देवेश ओझा होंगे। समारोह के समापन पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ नागौर में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए रवाना किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विश्वास जताया कि बारां की टीम अपने प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ाएगी।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story