बारां: जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नए नियम जारी
जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने सतर्कता समिति की बैठक में 20 प्रकरणों की सुनवाई की, वहीं पश्चिम मध्य एशिया तनाव के कारण एलपीजी रिफिल के नियमों में बदलाव हुआ।

बारां कलेक्ट्रेट स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में बुधवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई की अध्यक्षता करते जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर एवं उपस्थित अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
बारां। जिला स्तरीय जनसुनवाई और जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की बैठक जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में बुधवार को राजीव गांधी सेवा केन्द्र, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुई। जिसमें उन्होंने संवेदनशीलता के साथ परिवादियों की समस्याएं सुन उन्हें त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारी भी जुड़े।
जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण और सख्त निर्देश
जिला कलक्टर तोमर ने कहा कि "समिति में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।" उन्होंने जांच से संबंधित प्रकरणों में भी समय का ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया तथा निस्तारण संबंधी तथ्यात्मक जवाब प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि "अगली जनसुनवाई में निस्तारण से शेष रहे प्रकरणों में निर्धारित समयावधि में जांच पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।" जनसुनवाई के दौरान अतिक्रमण हटाने के, नालियों के पानी की निकासी, सीमा ज्ञान, रास्ता खुलवाने, जमीन विवाद सहित जेजेएम योजना में अनियमितता, भूमि अवाप्ति का मुआवजा, मकान को क्षति पहुंचाने आदि के परिवादों की सुनवाई करते हुए कुल 20 प्रकरणों में से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों में जांच लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल, जिला परिषद सीईओ राजवीर चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी, एसडीएम विश्वजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के संशोधित नियम प्रभावी
पश्चिम मध्य एशिया मे चल रहे तनाव के दृष्टिगत मुख्य सचिव के निर्देशानुसार नया एलपीजी सिलेंडर बुक करने के सम्बंध में संशोधित नियम जारी किए गए हैं। जिला रसद अधिकारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि नया सिलेंडर बुक करने और मौजूदा बुकिंग के इनवॉइस के लिए लागू किए गए संशोधित नियम के तहत अब 14.2 किलोग्राम घरेलू सिलेंडर सामान्य श्रेणी में 25 दिन और उज्ज्वला योजना में 45 दिन के अंतराल पर बुक कराए जा सकेंगे। इसी प्रकार 5 किलोग्राम घरेलू सिलेंडर सामान्य 9 दिन, उज्ज्वला योजना में 16 दिन तथा 10 किलोग्राम कंपोजिट सिलेंडर सामान्य 18 दिन में सिलेंडर बुक कराए जा सकेंगे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
