बारां जिला बजट 2026-27: प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने गिनाईं विकास की सौगातें
बजट में 6.10 लाख करोड़ का प्रावधान, परवन-अकावद परियोजना के लिए 3500 करोड़ और बारां में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट सहित कई बड़ी घोषणाओं की क्रियान्विति पर जोर।

बारां मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी बजट 2026-27 की घोषणाओं और जिले में क्रियान्वित हो रही विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए।
बारां। जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट से जिले व प्रदेश को नई गति मिलेगी। बजट के माध्यम से किसानों को सम्बल प्रदान करते हुए समृद्ध बनाने की दिशा में कारगर कदम उठाए गए हैं। देवासी ने मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि बजट में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण सहित बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुविधाओं और सेवाओं के लिए प्रावधान किए गए हैं, जिससे राजस्थान विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा।
बजट का स्वरूप और क्रियान्विति के आंकड़े
वर्ष 2026-27 के बजट का आकार 6 लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये है, जो वर्ष 2023-24 के बजट की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को तेजी से पूरा कर रही है। "राज्य सरकार ने बजट 2025-26 में 1441 बजट घोषणाएं की थी, जिनमें से 1246 घोषणाओं (86 प्रतिशत) और वर्ष 2024-25 के बजट की 1277 घोषणाओं में से 1188 घोषणाओं (93 प्रतिशत) की क्रियान्विति की गई है।" प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर आयोजन के लिए बजट में राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की घोषणा की गई है। इसके अंतर्गत ऑनलाइन टेस्टिंग सेंटर विकसित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से परीक्षाओं का आयोजन पारदर्शी तरीके से हो सकेगा।
युवा रोजगार और बुनियादी ढांचा विकास
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निरंतर रोजगार प्रदान कर रही है। 5 साल में 4 लाख नौकरियों के संकल्प को पूरा करने के क्रम में अब तक 1 लाख से अधिक को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी है। 1 लाख 54 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 1 लाख का भर्ती कैलेण्डर जारी किया है। वहीं, निजी क्षेत्र में 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। बजट में वीबी जी राम जी योजना के लिए 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सभी जिला मुख्यालयों पर नमो नर्सरी, पंचायत स्तर पर नमो पार्क और 16 जिलों में ऑक्सीजोन स्थापित किए जाएंगे।
बारां जिले के लिए विशेष सौगातें और परियोजनाएं
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सहरिया और खैरवा जातियों को जहां डीबीटी के जरिए से करोड़ों का लाभ मिलेगा, वहीं परवन वृहद सिंचाई परियोजना के कार्यादेश जारी होने से लाखों लोगों की प्यास बुझेगी। लोकहितकारी इस बजट में पेयजल, सिंचाई, बिजली, सड़क, पुलिया, आरओबी, सौन्दर्यीकरण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं और विकास पर खासा फोकस किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, नरेश सिंह सिकरवार, प्रधान मोरपाल सुमन सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने जानकारी दी कि बजट में जिला मुख्यालय पर कोटा मार्ग पर रेलवे लाइन पर निर्मित आरओबी से साढ़े 11 करोड़ की लागत से स्लीप लेन बनने पर यातायात सुगम होगा।
स्थानीय विकास और जनसुविधाओं का विस्तार
डोल तालाब के विकास को लेकर बजट में 4 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलमण्डा में छह हेक्टेयर भूमि पर नए खेल स्टेडियम के निर्माण से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। बारां में प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर इको कुलिंग शेल्टरों की स्थापना की जाएगी। अंता के फूंसरा में 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण होगा। जिला चिकित्सालय में उपचार सुविधाओं के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण कदम उठाएं जाएंगे। पेयजल के लिए परवन-अकावद परियोजना के अन्तर्गत 3500 करोड़ रुपए के कार्यादेश जारी किए गए है। जिले में 100 करोड़ की लागत से बारां में 50 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता का मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट मिलेगा। इससे जिले के दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा।
सुरक्षा, न्याय और परिवहन सुविधाएं
जरूरतमंद एवं असुरक्षित बच्चों के संरक्षण के लिए चिल्ड्रन होम के लिए भवन की स्वीकृति दी गई है, जिस पर लगभग 3 करोड़ रूपए व्यय होंगे। ल्हासी बांध के डाउन स्ट्रीम में ल्हासी नदी से दीगोद खालसा एवं छीपाबड़ौद कस्बे में बाढ़ से निजात दिलाने का 80 करोड़ रुपए की लागत से कार्य होगा। किशनगंज में न्यायालय को अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश न्यायालय तथा शाहबाद में एडीजे कैम्प कोर्ट खुलेगा। छबड़ा-रूठियाई रेल खंड पर छबड़ा स्थित एलसी-72 पर 38 करोड़ 72 लाख रूपए तथा एलसी-84 पर 34 करोड़ रुपए से आरओबी का निर्माण किया जाएगा। अंता नगरपालिका क्षेत्र में 7 करोड़ 49 लाख रुपए से सब्जीमण्डी निर्माण होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
