राजस्थान के बारां जिला मुख्यालय पर पिछले कुछ समय से अपराधियों की बढ़ती करगुजारियों ने आम जनजीवन को दहशत में डाल दिया है। जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि अब यहाँ बिहार और बंगाल के पैटर्न पर अपराध पनपने लगा है। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि पुलिस केवल अपनी हताशा मिटाने के लिए चाय-पान की गुमटियों और थड़ियों पर खड़े निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि उसे यह समझना होगा कि हर खड़ा व्यक्ति अपराधी नहीं होता। पुलिस को अपनी कार्रवाई से पूर्व अपराधियों की सही पहचान सुनिश्चित करनी होगी।

वर्तमान में बारां पुलिस की स्थिति 'सांप गुजर जाने के बाद लाठी पीटने' जैसी हो गई है। जब भी पुलिस को किसी अपराध की सूचना या संभावना के बारे में अवगत कराया जाता है, तो अक्सर अधिकारी उसे हवा में उड़ा देते हैं। व्यापारियों और संभ्रांत व्यक्तियों द्वारा दिए गए सुरक्षा सुझावों को प्राथमिकता न देना पुलिस की बड़ी विफलता साबित हो रही है। जिले में चोरी, लूट और हत्या जैसी वारदातों के बाद अब सरेआम बंदूक की नोक पर अपहरण जैसी संगीन घटनाएं होने लगी हैं। दुस्साहस का आलम यह है कि अपहरण की घटना के अगले ही दिन बिट्टू शर्मा हत्याकांड के फरार बदमाशों ने सोशल मीडिया के जरिए एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की फिरौती मांग ली। पीड़ित भरत कुम्हार ने इस संबंध में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस जांच का दावा कर रही है।

शहर की बिगड़ती स्थिति पर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, देवकीनंदन बंसल और ललित मोहन खंडेलवाल ने पुलिस को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अपराधियों पर सख्ती जरूरी है, लेकिन कार्रवाई की आड़ में किसी संभ्रांत नागरिक को निशाना न बनाया जाए। आरोप है कि थानों की स्थिति अब ऐसी हो गई है कि 'जो जितना घी हवन में डालेगा, पुलिस उसके लिए उतनी ही स्वाहा बोलेगी'। गरीब और सामान्य व्यक्ति की थानों में दुर्गति हो रही है, जबकि निष्क्रिय और लालची पुलिसकर्मियों के कारण शहर अपराध के बारूद के ढेर पर बैठा है। इस पूरे घटनाक्रम में जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी संदेहास्पद है, जो केवल बड़ी घटना के बाद नाटकीय अंदाज में औपचारिक आश्वासन देते हैं, जिनका कोई मुकम्मल परिणाम नहीं निकलता।

हाल ही में हॉस्पिटल रोड शिव कॉलोनी के ग्लास व्यापारी सतीश गौड का आधा दर्जन बदमाशों ने बंदूक की नोक पर अपहरण किया और एक करोड़ की फिरौती मांगी। अंततः 30 लाख रुपये में सौदा तय होने के बाद उन्हें रिहा किया गया। इस मामले में व्यापारी की जिस प्रकार 'रेकी' की गई, उससे आशंका जताई जा रही है कि इसमें उनके संस्थान के कर्मचारी या कोई नजदीकी व्यक्ति शामिल हो सकता है। इस वारदात ने व्यापार संघ और नागरिकों के आक्रोश को चरम पर पहुँचा दिया है। जानकारों का मानना है कि पुलिस का मुखबिर तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है क्योंकि कई पुलिसकर्मियों की साठगांठ सीधे अपराधियों, सटोरियों और तस्करों से है, जहाँ से उन्हें अवैध लाभ प्राप्त होता है। अब पूरी उम्मीदें युवा पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु की कार्यप्रणाली पर टिकी हैं कि वे किस प्रकार जिले की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाते हैं। हालांकि, अपहरण के मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की सूचना है, जो भविष्य की कार्रवाई की दिशा तय करेंगे।

Updated On
Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story