बारां में 300 करोड़ से अधिक के बकाया भुगतान पर ठेकेदारों का प्रदर्शन, आमरण अनशन की दी चेतावनी
बारां में 300 करोड़ रुपये से अधिक के बकाया भुगतान को लेकर जिला कॉन्ट्रक्टर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और आमरण अनशन की चेतावनी दी।

तस्वीर में बारां जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर ज्ञापन सौंपने के बाद खड़े जिला कॉन्ट्रक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज विजय और अन्य संवेदक नजर आ रहे हैं।
बारां जिले में विभिन्न निर्माण विभागों में 300 करोड़ रुपये से अधिक के बकाया भुगतान को लेकर जिला कॉन्ट्रक्टर एसोसिएशन, बारां ने बुधवार, 22 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर अतिशीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो जिले के संवेदक निर्माण कार्य बंद कर आमरण अनशन करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में बारां जिले के सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, जन स्वास्थ्य, समग्र शिक्षा विभाग, कृषि विपणन बोर्ड तथा अन्य निर्माण विभागों में लगभग 300 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान बकाया है। एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण संवेदक आर्थिक और मानसिक रूप से गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं तथा कई संवेदक आत्महत्या करने तक को मजबूर हो रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि संवेदकों के भुगतानों को समय पर करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक एवं मानसिक प्रताड़ना का सामना न करना पड़े।
एसोसिएशन ने यह भी कहा कि कोषालय द्वारा बिल पारित होने के 3 से 4 महीने बाद भी ईसीएस नहीं होने की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। इसके अलावा डीएमएफटी योजना अंतर्गत वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 में स्वीकृत कार्यों के अटके हुए भुगतानों का जल्द भुगतान कराने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में एक्स्ट्रा एक्सेस से संबंधित आदेश क्रमांक 27918/डी-310 दिनांक 26.05.2026 को निरस्त कर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग भी उठाई गई। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो बारां जिले के संवेदक निर्माण कार्य बंद कर आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष मनोज विजय, कार्यकारी अध्यक्ष अर्पित शर्मा, संरक्षक सुरेंद्र कुमार गुप्ता, नरेंद्र बत्रा, महामंत्री रिंकू बना, कोषाध्यक्ष बाबूलाल किराड़, उपाध्यक्ष बब्लू त्यागी, प्रवक्ता स्वतंत्र जैन, प्रदीप खत्री, श्याम वैष्णव, अमन सोढी, शफीक भाटी, विनोद शर्मा, आशीष गुप्ता, दिनेश नागर, अनिल शर्मा, देवेंद्र नागर, अमरलाल सुमन, गोकुल पंकज, शीतल शर्मा, कान्हा नाग सहित सैकड़ों की संख्या में ठेकेदार मौजूद रहे। एसोसिएशन ने सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर लंबित भुगतानों का समाधान करने की अपील की है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
