शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, बढ़ती बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं के मुद्दों को लेकर बारां में आयोजित ‘‘छात्रों की गूंज’’ कार्यक्रम युवाओं की आवाज का प्रमुख मंच बनकर उभरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘‘शिक्षा न्याय संवाद अभियान’’ के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी बारां ने जिला कांग्रेस कार्यालय में संगोष्ठी एवं पत्रकार वार्ता का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कषिष धाकड़, पूर्व जिलाध्यक्ष हिमांशु धाकड़ तथा पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी गौरव धाकड़ के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस दौरान युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और उनके सुझावों को सुना गया।

डीसीसी जिला प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एलसीडी प्रोजेक्टर के माध्यम से देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के सामने खड़ी चुनौतियों, रोजगार संकट, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं पर विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में विद्यार्थियों और युवाओं के हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।

बारां जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक मीनाक्षी चंद्रावत ने कहा कि शिक्षा और रोजगार प्रत्येक युवा का अधिकार है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में युवाओं को निराशा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सह जिला प्रभारी संदीप पुरोहित ने कहा कि लाखों युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण उनका विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने सरकार से युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में गंभीरता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा ने कहा कि ‘‘छात्रों की गूंज’’ कार्यक्रम विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित करने हेतु व्यापक जनसंवाद की आवश्यकता पर बल दिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया शिक्षा न्याय संवाद अभियान देशभर के विद्यार्थियों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में समान अवसर, सामाजिक न्याय और रोजगार सृजन कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि ‘‘छात्रों की गूंज’’ कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता, उच्च शिक्षा की बढ़ती लागत, सरकारी शिक्षण संस्थानों में संसाधनों की कमी, बेरोजगारी, रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती, कौशल विकास, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता जैसे विषयों पर विद्यार्थियों एवं युवाओं के सुझाव एकत्रित किए जाएंगे। इन सुझावों को संबंधित स्तरों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम ने शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को केंद्र में लाते हुए युवाओं की चिंताओं को अभिव्यक्ति देने का प्रयास किया। साथ ही यह संदेश भी दिया कि शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था जैसे विषय आज भी युवाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल हैं।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story