बारां। पंचायत राज दिवस के अवसर पर बारां जिला मुख्यालय पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन किया और लंबित पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव शीघ्र कराने की मांग को लेकर सरकार को घेरा।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह मीणा ने किया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए, जहां सभा आयोजित की गई। सभा के बाद नारेबाजी के साथ रैली निकाली गई और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई।

रैली के पश्चात जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया कि राज्य में पंचायतों एवं नगरीय निकायों के चुनाव एक वर्ष से अधिक समय से लंबित हैं, जो संविधान के अनुच्छेद 243ई और 243यू का सीधा उल्लंघन है। इसमें न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए चुनाव शीघ्र कराने की मांग की गई।

मीडिया प्रभारी राधेश्याम सेन एवं प्रवक्ता एस.एल. नागर ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि जनता अपने अधिकारों को लेकर सजग है और चुप बैठने वाली नहीं है। जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह मीणा ने कहा कि संगठन जमीनी स्तर पर संघर्षरत है और कार्यकर्ताओं के साथ आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश सचिव एवं बारां प्रभारी संध्या मेघवाल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जब जीत का भरोसा नहीं होता, तो चुनाव टालना सबसे आसान उपाय बन जाता है। भाजपा सरकार लोकतंत्र नहीं, ‘प्रशासनतंत्र’ चलाना चाहती है, जहां जनता नहीं, नियुक्त अफसर तय करेंगे कि गांव और शहर कैसे चलेंगे।”

कार्यक्रम में लेखराज शर्मा, सेवादल के पूर्व उपाध्यक्ष नासिर मिर्जा, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमेश मीणा, उपाध्यक्ष शिवराज मीणा, कपिल माथोडिया सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। अंत में शहर प्रभारी लेखराज शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल चुनाव की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की है, जिसे हर हाल में जारी रखा जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story