राजेंद्र शर्मा

बारां। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बारां के तत्वावधान में नीट परीक्षा 2026 में सामने आई गंभीर अनियमितताओं, पेपरलीक की घटनाओं एवं युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में जिला मुख्यालय बारां पर कांग्रेसजनों द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के विरुद्ध उग्र नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा एनटीए को तत्काल प्रभाव से भंग करने की पुरजोर मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देशभर में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता अब लगातार कमजोर होती जा रही है।

जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि विरोध प्रदर्शन हेतु समस्त कांग्रेसजन जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय श्रीजी का चौक पर एकत्रित हुए, जहां से एक विशाल रैली के रूप में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर गगनभेदी नारेबाजी करते हुए रवाना हुए। यह रैली श्रीजी का चौक से प्रारंभ होकर चोमुखा बाजार, सर्राफा बाजार, सदर बाजार, धर्मादा चौराहा एवं मुख्य बाजार होते हुए प्रताप चौक पहुंची। रैली के मार्ग में “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “एनटीए को भंग करो” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारों से संपूर्ण बाजार क्षेत्र गूंज उठा। प्रताप चौक पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हंसराज मीणा ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की दोषपूर्ण नीतियों एवं एनटीए की अक्षम्य लापरवाही के कारण देश के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरंतर सामने आ रही पेपर लीक एवं परीक्षा अनियमितताओं से कठोर मेहनत करने वाले मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का व्यवस्था से विश्वास टूट रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव धर्मराज मेहरा ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा में ऐसी धांधली का सामने आना अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण विषय है। नगर अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने तथ्यों को रखते हुए बताया कि नीट परीक्षा में देश के 22 लाख से अधिक छात्रों ने 3 मई 2026 को भाग लिया था, जिसके लिए विद्यार्थियों ने दो वर्षों तक कठिन परिश्रम किया। उन्होंने चिंता जताई कि लगातार तीसरी बार नीट का पेपर लीक होना परिवारों के लिए मानसिक और आर्थिक आघात है, क्योंकि अनेक परिवारों ने कर्ज लेकर या अपनी जमा पूंजी और आभूषण बेचकर बच्चों को कोचिंग दिलवाई थी।

सेवादल जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी केंद्र की विफलता पर विचार व्यक्त किए। इस प्रदर्शन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कशिश धाकड़, महिला जिलाध्यक्ष बृजेश वर्मा, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शिमला बैरवा, सेवादल प्रदेश महासचिव अशरफ देशवाली, ब्लॉक अध्यक्ष किशनगंज अजीज नाजा, मांगरोल रामस्वरूप बैरवा, शाहबाद धर्मेंद्र यादव, महावीर माथोडिया, खेमराज सिंह रहलाई, सुरेशचंद भाण्ड, विनय मालव, नरेन्द्र मीणा, मयंक माथोडिया, पीयूष सोनी, अक्षय भूमलिया, लव पारस, मनीष मेहता, परवेज मंसूरी, बिट्टू सिंह, अजय सैनी, जाकिर, नियाज मोहम्मद, संदीप शर्मा, नितेष मीणा, मनीष मीणा, यशवंत नागर, हेमराज मेघवाल खेडली, विरेन्द्र शान्त, सीताराम मेघवाल, मंसूर खान, बंटी मेवाती, राजेन्द्र गौत्तम, संजय मीणा, पप्पू, हितेष मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में कांग्रेसजनों ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ और केंद्र सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप देने के लिए बाध्य होगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story