बारां: स्थानीय चुनाव टालने पर कांग्रेस का 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' अभियान शुरू
जिला प्रभारी मीनाक्षी चंद्रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक, भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक परंपराओं के हनन का आरोप लगाते हुए बूथ स्तर तक संगठन मजबूती पर दिया जोर।

बारां जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान मंच पर उपस्थित जिला प्रभारी मीनाक्षी चन्द्रावत, जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा एवं अन्य पदाधिकारी।
बारां। राजस्थान प्रदेश में पंचायतीराज एवं नगर निकायों के चुनावों को टालने के भाजपा सरकार के निर्णय को लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक परम्पराओं पर कुठाराघात बताते हुए इसके विरोध में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान” के तहत जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय बारां में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह अभियान प्रदेशभर में 01 अप्रेल से 30 अप्रेल 2026 तक संचालित किया जा रहा है तथा इसी के अंतर्गत जिला-बारां में लगाए गए प्रभारियों की आज बैठक आयोजित की गई।
भाजपा सरकार के निर्णय को बताया लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रहार
बैठक की अध्यक्षता बारां जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक श्रीमती मीनाक्षी चन्द्रावत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि "भाजपा सरकार जानबूझकर स्थानीय निकाय चुनावों को टालकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी इस तानाशाही रवैये के खिलाफ जनता के बीच जाकर सच्चाई उजागर करेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।" बारां जिला सह प्रभारी संदीप पुरोहित ने कहा कि पंचायत और नगर निकाय लोकतंत्र की नींव होते हैं, और इन्हें कमजोर करना जनता के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर इस अभियान को मजबूती दें और आमजन को जागरूक करें।
बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने के निर्देश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक स्तर पर संगठन को सशक्त किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे पंचायत अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी का गठन कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय एवं सलाह-मशविरा कर शीघ्र सूची जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध करवाएं। सेवादल के प्रदेश सचिव एवं उपाध्यक्ष डीसीसी बारां अशरफ देशवाली ने अपने संबोधन में कहा कि "भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण लोकतांत्रिक संस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।"
जिलेभर में अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी नगरीय निकायों एवं मण्डल क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अंत में सभी कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान” को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
