बारां: जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' पर मंथन
पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और जिला प्रभारी मीनाक्षी चन्द्रावत की मौजूदगी में बूथ स्तर पर संगठन मजबूती की रणनीति तैयार की गई।

बारां के श्रीजी चौक स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को आयोजित मासिक बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अतिथि और उपस्थित पदाधिकारी।
बारां। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ शहर के श्रीजी चौक स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक एवं “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर से कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रभारी एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही, जिसने संगठन की सक्रियता का स्पष्ट संकेत दिया।
कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक को बारां जिला प्रभारी श्रीमती मीनाक्षी चन्द्रावत, सह जिला प्रभारी संदीप पुरोहित, अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया तथा किशनगंज की पूर्व विधायक श्रीमती निर्मला सहरिया सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
बारां जिला प्रभारी श्रीमती मीनाक्षी चन्द्रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के मुद्दों के लिए संघर्षरत रही है। “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान को उन्होंने विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प बताया। सह जिला प्रभारी संदीप पुरोहित ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।
अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग के हितों की रक्षा की है। उन्होंने वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर खतरे की बात करते हुए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी को और अधिक महत्वपूर्ण बताया तथा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया और कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और अवसर दिया है, इस अभियान के माध्यम से अधिकाधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है। पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा तथा पूर्व विधायक किशनगंज श्रीमती निर्मला सहरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान को जिले के प्रत्येक बूथ तक प्रभावी रूप से लागू करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सेवादल के प्रदेश सचिव अशरफ देशवाली, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश संयोजक नासिर मिर्जा, डीसीसी प्रवक्ता खेमराज रहलाई सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
यह बैठक संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए व्यापक रणनीति तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
