बारां में हल्द्वानी घटना के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, अंबेडकर सर्किल पर गूंजे विरोध के स्वर
बारां में हल्द्वानी की घटना के विरोध और मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में कांग्रेस ने विशाल मार्च एवं सत्याग्रह किया। अंबेडकर सर्किल पर कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भेदभाव और विभाजनकारी मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाई।

तस्वीर में बारां के अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी घटना के विरोध में बैनर और तिरंगा झंडा लेकर सत्याग्रह प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं।
बारां में हल्द्वानी की घटना के विरोध और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में 14 अगस्त को जिला कांग्रेस कमेटी बारां की ओर से जिला मुख्यालय पर विशाल मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रमुख बाजारों से होते हुए अंबेडकर सर्किल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और सामाजिक भेदभाव, जातिगत एवं विभाजनकारी मानसिकता के खिलाफ रोष दर्ज कराया।
जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां एवं कांग्रेस के झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि लोकतांत्रिक भारत में जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव के आधार पर किसी भी व्यक्ति का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है। देश की एकता और सामाजिक समरसता को कमजोर करने वाली किसी भी विभाजनकारी मानसिकता का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।
जिलाध्यक्ष मीणा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की गरिमा, संविधान की भावना और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर प्रहार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनहित और संवैधानिक मूल्यों की आवाज को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा ने कहा कि बारां जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि नफरत, भेदभाव और सामाजिक विभाजन की राजनीति के लिए लोकतांत्रिक समाज में कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए सदैव जनता के साथ खड़े रहेंगे।
प्रदर्शन के दौरान पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा, महासचिव डीसीसी अब्दुल गनी, सचिव डीसीसी तोलाराम मीणा, बारां नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रशान्त भारद्वाज, ब्लॉक अध्यक्ष- भारतेन्द्र सिंह सिसोदिया अटरू, रामस्वरूप बैरवा मांगरोल, सेवादल के प्रदेश महासचिव अशरफ देशवाली, सेवादल जिलाध्यक्ष शीव शकर यादव, कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शिमला बैरवा, मण्डल अध्यक्ष महावीर मीणा, पूर्व चेयरमेन मांगरोल कौशल सुमन, संध्या मेघवाल, हेमलता सोन, नासिर मिर्जा, शरद शर्मा, मयंक माथोडिया, नरेन्द्र मीणा, हिमांशु धाकड, सूरजमल बैरवा, नवीन सोन, विजय बैरवा, राकेश वाल्मिकी, सुरेश भाण्ड, ललित गुर्जर, इरफान अंसारी, नियाज मोहम्मद समेत विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रमुख बाजारों से निकले मार्च से लेकर अंबेडकर सर्किल पर हुए सत्याग्रह तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी की घटना के विरोध और सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों के समर्थन में अपना रुख दर्ज कराया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
