बारां जिला कलक्टर ने बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक की
कलक्टर बालमुकुंद असावा ने वित्तीय वर्ष 2024-27 की बजट घोषणाओं और 'दृश्यमान स्वच्छता अभियान' की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

बारां के मिनी सचिवालय सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा और उपस्थित अधिकारीगण।
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने मंगलवार को मिनी सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही तकनीकी अड़चनों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला कलक्टर ने ‘दृश्यमान स्वच्छता अभियान’ की समीक्षा करते हुए हाल ही में जिले में चलाए गए दो दिवसीय अभियान की पूर्ण रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान परोक्ष रूप से निरंतर जारी रहेगा। नगर परिषद एवं पंचायत राज विभाग को निर्देशित किया गया कि जिस गति और लय से दो दिन में सफाई कार्य किया गया, उसी निरंतरता के साथ नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जहां भी गंदगी दिखाई दे, उसे तत्काल हटाया जाए।
उन्होंने आगामी अभियानों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 से 25 मई के मध्य जिले में ‘जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले’ अभियान के तहत धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं पीएम जनमन के अंतर्गत कवर होने वाले ग्रामों के आदि सेवा केन्द्रों पर 17 विभागों की सहभागिता से सेचुरेशन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं 10 मई से 9 जून तक जनजाति गरिमा उत्सव भी आयोजित किया जा रहा है।
इसके साथ ही 25 मई 2026 से 5 जून 2026 तक ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ चलाया जाएगा, जिसके तहत जल संरचनाओं के शुद्धिकरण, जीर्णोद्धार एवं जल संरक्षण के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ अभियान की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत तंत्र को दुरुस्त रखने, ढीले तारों को तत्काल ठीक करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया।
योजनावार समीक्षा के दौरान लाडो प्रोत्साहन योजना में सीएमएचओ को इसी माह के अंत तक 98 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। पीएम कृषि सिंचाई योजना के तहत उद्यान विभाग को दो दिन में डीबीटी के माध्यम से काश्तकारों को लाभान्वित करने को कहा गया तथा कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन एवं मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
मिशन हरियालो राजस्थान के तहत आगामी पौधरोपण की तैयारियों पर चर्चा करते हुए वृक्ष कुंज के लिए स्थान चिन्हित करने, पौधों की शत-प्रतिशत जीवितता सुनिश्चित करने तथा सभी सरकारी कार्यालयों में वन विभाग के सहयोग से पौधरोपण करने के निर्देश दिए गए। अटल ज्ञान केंद्र ई-लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
जिले के चयनित उत्पाद लहसुन को बढ़ावा देने के लिए पंच गौरव योजना के तहत समन्वित रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कोई भी कार्य लंबित न रहे तथा अधूरी सूचना के साथ बैठक में उपस्थित होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर के सख्त रुख और स्पष्ट निर्देशों से प्रशासनिक तंत्र में कार्यों की गति और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
