बारां: जिला कलक्टर ने सीसवाली में नगरपालिका चुनाव तैयारियों का लिया जायजा
जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने सीसवाली में मतदान बूथों, मतगणना केंद्र और सीएचसी भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए।

तस्वीर में जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा कक्षा में छात्रा से संवाद करते हुए दिख रहे हैं।
बारां। नगरपालिका चुनाव को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने बुधवार को सीसवाली नगरपालिका क्षेत्र का सघन दौरा कर मतदान केंद्रों और मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए चुनावी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने पीएम श्री विद्यालय और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए 10 मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर मतदाताओं के लिए छाया, पेयजल, बिजली, रैंप, फर्नीचर और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के सुगम आवागमन के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
इसके बाद जिला कलक्टर ने स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में प्रस्तावित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना कक्ष, स्ट्रांग रूम, मीडिया सेंटर और सुरक्षा घेरे का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने सीएचसी सीसवाली के नवनिर्मित भवन का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएचसी में चल रहे स्कूली छात्राओं के टीकाकरण अभियान की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही नगर की उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर खाद्यान्न वितरण और स्टॉक की स्थिति जांची।
जिला कलक्टर ने राजकीय विद्यालयों में बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उदपुरिया के राजकीय विद्यालय में उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन चखा और पोषाहार की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा मेनू के अनुसार भोजन वितरण की जांच की।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी हेमंत घनघोर, सहायक रिटर्निंग अधिकारी लोकेंद्र सिंह, तहसीलदार मांगरोल भगवती लाल जैन, थानाधिकारी विनोद शर्मा, अधिशाषी अधिकारी जितेंद्र पारस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर के निरीक्षण से सीसवाली में नगरपालिका चुनाव के लिए मतदान और मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं की तैयारियों का प्रशासनिक स्तर पर जायजा लिया गया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
