बारां: जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने श्रीराम स्टेडियम में फुटबॉल शिविर का किया अवलोकन
‘एक जिला-एक खेल’ योजना के तहत बारां में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

बारां के श्रीराम स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने मैदान पर पहुंचे जिला कलक्टर श्री बालमुकुंद असावा (बाएं से आगे) और उपस्थित अन्य कोच व खेल प्रेमी।
वंदे गंगा जल संरक्षण जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रभात रैली के दौरान जिला कलक्टर श्री बालमुकुंद असावा ने श्रीराम स्टेडियम पहुंचकर फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया और खेल गतिविधियों की जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने “एक जिला-एक खेल” योजना के तहत बारां जिले में फुटबॉल को शामिल किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जिले में फुटबॉल गतिविधियों को और अधिक विकसित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयास करेगा।
मैदान पर छोटे-छोटे बच्चों को उत्साह के साथ फुटबॉल खेलते देख जिला कलक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने उन्हें जिले में संचालित फुटबॉल गतिविधियों एवं प्रशिक्षण शिविर की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान कोच प्रदीप हाड़ा, वरिष्ठ खिलाड़ी अनवर अली, व्याख्याता सुनील शर्मा, नरेंद्र तिवारी, कृष्ण कुमार नामदेव सहित अन्य खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर जिला कलक्टर ने कुछ समय फुटबॉल खेलकर उनका उत्साह भी बढ़ाया, जिससे खिलाड़ी विशेष रूप से उत्साहित नजर आए।
उल्लेखनीय है कि श्रीराम स्टेडियम में शिक्षा विभाग माध्यमिक शिक्षा एवं जिला फुटबॉल संघ द्वारा फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 50 से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह आयोजन जिले में खेल प्रतिभाओं के विकास और फुटबॉल को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
