बारां: जनगणना 2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स का जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में डिजिटल जनगणना प्रबंधन, एचएलओ एप और स्व-गणना वेब पोर्टल के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।

बारां में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को डिजिटल जनगणना और पोर्टल प्रबंधन की जानकारी देते मास्टर ट्रेनर्स।
बारां, 22 अप्रैल। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु आयोजित फील्ड ट्रेनर्स का त्रि-दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम 16 से 18 अप्रैल तथा 20 से 22 अप्रैल 2026 तक कार्यालय उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में आयोजित किया गया।
जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल के कुशल निर्देशन में जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स विश्वनाथ प्रताप गुर्जर एवं संदीप बुगालिया ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को सघन प्रशिक्षण प्रदान किया। मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षणार्थियों को देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के प्रबंधन हेतु सीएमएमएस पोर्टल के तकनीकी पक्षों से अवगत कराया। साथ ही, मकान सूचीकरण व मकान गणना के लिए समर्पित 'एचएलओ एप' और आम नागरिकों द्वारा स्व-गणना हेतु विकसित वेब पोर्टल के उपयोग की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण में प्रपत्रों को त्रुटिरहित भरने, तकनीकी उपकरणों के प्रभावी संचालन और फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान पर विशेष बल दिया गया।
समापन अवसर पर जिला कलक्टर ने समस्त फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए अपना शत-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। जनागल ने अपने संबोधन में रेखांकित किया कि भारत की जनगणना मात्र एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, अपितु राष्ट्र निर्माण की वह आधारशिला है जिस पर भविष्य की विकास योजनाएं, सामाजिक न्याय की नीतियां एवं संसाधनों का न्यायसंगत वितरण टिका होता है। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 का डिजिटल स्वरूप एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसमें बारां जैसे अग्रणी जिले के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला जनगणना अधिकारी रामप्रसाद बैरवा, जनगणना कार्य निदेशालय की जिला समन्वयक निशा मीणा, मास्टर ट्रेनर्स संदीप बुगालिया व विश्वनाथ प्रताप गुर्जर सहित जिला जनगणना सेल के जितेन्द्र कुमार मीणा, मधुसूदन बलाई तथा अन्य कार्मिक व प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
