बारां: सर्राफा बाजार में सोने की चोरी, व्यापारियों ने SP को सौंपा ज्ञापन
जय भवानी ज्वैलर्स में हुई चोरी के बाद सर्राफा संस्थान ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।

तस्वीर में सर्राफा व्यापारी बारां के एसपी अभिषेक अंदासु को ज्ञापन पत्र सौंपते हुए।
बारां। जिला मुख्यालय स्थित सर्राफा बाजार में जय भवानी ज्वैलर्स दुकान के मालिक सुनील मराठा की दुकान से गत दिनों सोने के पैकेट की चोरी की वारदात के बाद श्री सर्राफा संस्थान ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए माल की बरामदगी की मांग की है। शनिवार को संस्थान के अध्यक्ष कपिल पोरवाल की अगुवाई में जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
सर्राफा संस्थान के मीडिया प्रवक्ता आशीष सोनी ने बताया कि संस्थान के पदाधिकारियों ने एसपी से मुलाकात कर घटना की संपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान सर्राफा बाजार में बनी टाउन चौकी पर 4 पुलिस जवानों का स्टाफ नियुक्त करने का सुझाव दिया गया। साथ ही 2 बंदूकधारी सिपाहियों को सुबह 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक बाजार में गश्त लगवाने और चोरी की वारदात में शामिल चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई।
घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने आश्वस्त करते हुए कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की जा चुकी हैं और जल्द ही चोरों को पकड़ने में पुलिस कामयाब होगी।
ज्ञापन देने के दौरान संरक्षक जगदीश सिंघल, त्रिलोकचंद सोनी, राधेश्याम गर्ग, हरीश सोनी, महामंत्री गिरीश मूंदड़ा, पीयूष गर्ग, कोषाध्यक्ष जितेंद्र सोनी, कपिल सोनी, हरीश सोनी, सोनू, नकुल सोनी, राजकुमार सोनी, नीरज हल्दिया, रामस्वरूप सुमन, देवेंद्र नागर, सुनील मराठा, तरुण मराठा, अजय सोनी, प्रवीन मराठा, रौनक सोनी, नितेश सोनी सहित कई सर्राफा व्यापारी बंधु उपस्थित रहे। चोरी की वारदात के बाद सर्राफा संस्थान की ओर से पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग सामने आने से मामले में पुलिस कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
