बारां जिले के ग्राम सोकन्दा निवासी ठाकुरजी महाराज के पुजारी धनराज वैष्णव और उनके परिवार के साथ कथित अन्याय का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। गुरुवार को ब्राह्मण कल्याण परिषद, बारां के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो परिषद धरना-प्रदर्शन एवं आमरण अनशन करेगी।

ब्राह्मण कल्याण परिषद के जिलाध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र शर्मा, जिला प्रभारी भगवान शर्मा, नगर अध्यक्ष किशन शर्मा और देहात अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा कस्तूरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पुजारी परिवार पीढ़ी-दर-पीढ़ी ठाकुरजी महाराज की सेवा करता आ रहा है। ज्ञापन के अनुसार ठाकुरजी के नाम से ग्राम सोकन्दा में खसरा नं. 266 रकबा 1.03, खसरा नं. 243 रकबा 0.05 तथा खसरा नं. 268 रकबा 1.95 भूमि दर्ज है, जिसका कुल रकबा 3.03 है। परिषद का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग भूमाफिया इस भूमि पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं और पुजारी को परेशान कर पूजा-अर्चना में लगातार बाधा डाल रहे हैं।


ज्ञापन में बताया गया कि इस संबंध में एसडीएम कोर्ट मांगरोल में धारा 188 एवं 212 के तहत प्रकरण लंबित है, जिसमें 04 जनवरी 2018 को पुजारी परिवार के पक्ष में स्टे आदेश पारित हुआ था, जो वर्तमान में भी प्रभावी है। इसके अतिरिक्त अपर जिला न्यायाधीश क्रम-2, बारां ने 18 मई 2023 को तहसीलदार की रिसीवरी को भी अपास्त कर दिया था। परिषद ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद जिला कलेक्टर के आदेश क्रमांक 536-38 दिनांक 18 जुलाई 2023 की प्रशासन द्वारा पालना नहीं कराई जा रही है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि अधिकारी स्पष्ट रूप से कहते हैं कि नेताओं के फोन आने के कारण वे कार्रवाई नहीं कर सकते।

परिषद ने ज्ञापन में प्रशासन पर वादाखिलाफी का भी आरोप लगाया है। उसके अनुसार प्रशासन की कथित लापरवाही और न्याय नहीं मिलने से मानसिक रूप से परेशान होकर पुजारी धनराज वैष्णव ने बारां कृषि उपज मंडी परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया था। उस समय मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया था कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा और टंकी पर चढ़ने की घटना को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। परिषद का कहना है कि इसी आश्वासन पर पुजारी नीचे उतरे थे, लेकिन बाद में प्रशासन ने अपना वादा नहीं निभाया और मंडी सचिव के माध्यम से पुजारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी। परिषद के अनुसार इस दोहरे अन्याय से आहत होकर पुजारी धनराज वैष्णव 04 जुलाई 2026 से घर से लापता हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि दबंगों के विरुद्ध कार्रवाई करने के बजाय फरियादी को ही मुलजिम बनाया गया है, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विकास सेवा समिति सोकन्दा के पदाधिकारी एवं दबंग लोग पुजारी परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर रहे हैं, जिससे उनके जान-माल को लगातार खतरा बना हुआ है।

ब्राह्मण कल्याण परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि टंकी प्रकरण में दर्ज एफआईआर को प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के अनुरूप तत्काल वापस लिया जाए, लापता पुजारी धनराज वैष्णव को सकुशल बरामद कर परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, न्यायालय एवं जिला कलेक्टर के आदेशों की पालना कराते हुए ठाकुरजी की आराजी का कब्जा तुरंत पुजारी परिवार को दिलाया जाए, दबंगों एवं दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

परिषद ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो ब्राह्मण कल्याण परिषद धरना-प्रदर्शन एवं आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पीड़ित पुजारी के भाई रघुवीर वैष्णव, परिषद के नगर महामंत्री चंचल शर्मा, बीकेपी युवा अध्यक्ष यश शर्मा, गौ सेवा समिति जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, अन्ता के अध्यक्ष डा. देवेन्द्र शर्मा, पुजारी महासंघ के बारां अध्यक्ष पं. दुर्गाशंकर शर्मा, प्रदेश महामंत्री दयाराम शर्मा, एड. अंकित पुजारी, एड. सचिन सनाढ्य, आदित्य शर्मा, ललित किशोर शर्मा, सुनील शर्मा, धीरज तिवारी, मुकेश शर्मा, अंशुल व्यास, ऋषिवल्लभ शर्मा, ओमप्रकाश गौतम, अशोक गौतम, वैद्य मोहन लाल शर्मा, दिनेश भारद्वाज, आशुतोष शर्मा, नवीन शर्मा, राजेश शर्मा, संजय शर्मा, तेजेश शर्मा, मुकेश शर्मा सहरोंद, मोनू शर्मा, रवि शर्मा, राकेश शर्मा, जयेश शर्मा, दिव्य शर्मा, आशीष शर्मा, अमरीश शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, अतुल शर्मा, मनीष शर्मा बडवा, प्रभुलाल शर्मा अन्ता, अन्तेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

Updated On
Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story